scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमविदेशकनाडा में भारतीय छात्र की हत्या का संदिग्ध गिरफ्तार: पुलिस

कनाडा में भारतीय छात्र की हत्या का संदिग्ध गिरफ्तार: पुलिस

Text Size:

टोरंटो/गाजियाबाद, 12 अप्रैल (भाषा) टोरंटो पुलिस ने मंगलवार को कहा कि कनाडा में 21 वर्षीय छात्र कार्तिक वासुदेव की गोली मारकर हत्या करने के मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कार्तिक के परिजनों ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का निवासी था और जनवरी में पढ़ाई के लिए कनाडा गया था।

सेंट जेम्स टाउन के शेरबोर्न टीटीसी स्टेशन के ग्लेन रोड प्रवेश द्वार पर बृहस्पतिवार शाम को कार्तिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसे अस्पताल ले जाया गया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

कार्तिक के पिता ने उसकी हत्या के पीछे की मंशा को लेकर चिंता जतायी और कहा कि कार्तिक के मामले की कानूनी प्रक्रिया की निगरानी के लिए कनाडा की यात्रा करेंगे।

टोरंटो पुलिस के प्रमुख जेम्स रेमर ने संवाददाताओं से कहा, “कार्तिक शेरबोर्न सबवे स्टेशन के बाहर ही था जब एक अज्ञात व्यक्ति उसके पास आया और कई गोली चलाई जिससे उसकी मौत हो गई।”

पुलिस ने संदिग्ध की पहचान 39 वर्षीय रिचर्ड जोनाथन एडविन के रूप में की है जिस पर पिछले शनिवार को एक अन्य व्यक्ति की हत्या करने का आरोप है।

हत्या की मंशा से जुड़े सवाल पर टोरंटो पुलिस के सार्जेंट टेरी ब्राउन ने कहा, ” दोनों हत्या के मामलों के संदिग्ध का कोई पुराना आपराधिक इतिहास नहीं है। हम उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी एकत्र करने के लिए गहनता से जांच कर रहे हैं। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह व्यक्ति कौन है और उसके साथी कौन हैं।”

वहीं, गाजियाबाद में कार्तिक के पिता जितेश वासुदेव ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि कनाडा पुलिस ने उन्हें इस मामले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के बारे में सूचित किया है।

उन्होंने कहा, ”कनाडा के अधिकारियों ने हमे सूचित किया है कि शव शनिवार को गाजियाबाद लाया जायेगा। हम उसका अंतिम संस्कार करेंगे। इसके बाद हम कानूनी प्रक्रिया की निगरानी के लिए कनाडा जाएंगे।”

भाषा शफीक देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments