scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशकांग्रेस को एटीएम की तरह कर्नाटक का इस्तेमाल नहीं करने देंगे: अरुण सिंह

कांग्रेस को एटीएम की तरह कर्नाटक का इस्तेमाल नहीं करने देंगे: अरुण सिंह

Text Size:

बेलागवी (कटक), 12 अप्रैल (भाषा) भाजपा के कर्नाटक प्रभारी राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने मंगलवार को कहा कि देश भर में राजनीतिक आधार खो रही कांग्रेस पार्टी राज्य में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत की हासिल करके कर्नाटक का इस्तेमाल एक एटीएम के रूप में अन्य राज्यों में धन भेजने के लिये करना चाहती है, लेकिन उसे सफलता नहीं मिलेगी।

सिंह ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सत्ता बरकरार रहने का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि कर्नाटक में पार्टी के पास पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के रूप में एक मजबूत नेता और मार्गदर्शक है, जबकि मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई सफलतापूर्वक सरकार चला रहे हैं।

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस गोवा और मणिपुर में हार गई। उन्होंने उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर जमानत राशि खो दी। ऐसा इसलिए है क्योंकि कांग्रेस का नेतृत्व एक असफल नेतृत्व है। लोगों को इसके नेतृत्व में विश्वास नहीं है, जो पूरी तरह से विभाजित है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने नेता राहुल गांधी से प्रेरणा नहीं मिलती।”

यहां पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भी कांग्रेस विभाजित है और राज्य में भाजपा सरकार के खिलाफ उसके पास कोई मुद्दा नहीं है।

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस नेता जमीन पर काम नहीं करते। वे गैर-मुद्दे को मुद्दा बनाते हैं, इसलिए वे हर जगह हार रहे हैं। कांग्रेस की सरकारें केवल राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हैं, और वहां भी वे जाने वाली हैं। वे कर्नाटक में किसी तरह जीत हासिल करके इसका इस्तेमाल एटीएम के तौर पर दूसरे राज्यों में फंडिंग के लिये करना चाहते हैं, लेकिन वे सफल नहीं होंगे।”

सिंह कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य भर में पार्टी नेताओं के दौरे में भाग लेने के लिए बेलागवी में थे।

भाषा

जोहेब माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments