scorecardresearch
Saturday, 21 March, 2026
होमदेशविजयन एवं स्टालिन ने केंद्र पर राज्यों की शक्तियों को 'कम' करने का आरोप लगाया

विजयन एवं स्टालिन ने केंद्र पर राज्यों की शक्तियों को ‘कम’ करने का आरोप लगाया

Text Size:

(रोहित थायिल)

कन्नूर (केरल), नौ अप्रैल (भाषा) केरल और तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों ने शनिवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर राज्य सरकार की शक्तियों को ”कम” करके देश की एकता एवं अखंडता को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन एवं तमिलनाडु के उनके समकक्ष एम के स्टालिन ने आरोप लगाया कि विविधता में एकता देश की संस्कृति है लेकिन दक्षिणपंथी शक्तियां उन्हें खत्म करने की तरफदारी कर रही हैं ताकि भारत को एकल राज्य में तब्दील किया जा सके।

यह बयान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हिंदी को लेकर दिए गए बयान पर उपजे विवाद के बीच आया है। शाह ने कहा था कि हिंदी को स्थानीय भाषाओं नहीं बल्कि अंग्रेजी के विकल्प के रूप में स्वीकार किया जाना चाहिए।

विजयन एवं स्टालिन ने माकपा की 23वीं कांग्रेस के तहत पार्टी द्वारा आयोजित एक संगोष्ठी में भाजपा नीत राजग पर तीखा प्रहार किया और आरोप लगाा कि संवैधानिक मूल्यों को कमजोर कर केंद्र सरकार संघवाद के मूल सिद्धांतों पर हमला कर रही है।

विजयन ने कहा, “भारत ऐसा देश है जिसे विविधता में एकता के लिए जाना जाता है। इस विचार का अर्थ, विविधता को स्वीकार करना है। हमारे संविधान ने भी भारत की कई भाषाओं को महत्व दिया है। अधिकतर राज्य लंबे संघर्ष के बाद भाषा के आधार पर बने थे। संघ परिवार का एजेंडा देश की विविधता और संघीय ढांचे को स्वीकार नहीं करता। क्षेत्रीय भाषाओं को कमजोर करना उनके एजेंडे का हिस्सा है।”

उन्होंने कहा कि हिंदी थोपने एवं क्षेत्रीय भाषाओं को नष्ट करने को स्वीकार नहीं किया जा सकता और ऐसा कदम देश की एकता एवं अखंडता को नुकसान पहुंचाएगा।

उन्होंने कहा कि योजना आयोग के स्थान पर नीति आयोग लाया गया जिसके पास संसाधनों के वितरण का अधिकार नहीं है और राज्यों की वित्तीय आजादी सीमित की जा रही है।

स्टालिन ने कहा कि यदि भारत की रक्षा करनी है तो पहले राज्यों की सुरक्षा की जानी चाहिए और यदि राज्यों को सुरक्षित रखा गया तभी देश सुरक्षित रह सकता है।

उन्होंने कहा कि विविधता में एकता देश की संस्कृति है लेकिन विविधता को खत्म करने एवं एकल चरण सृजित करने का प्रयास किया जा रहा है।

केंद्र पर सत्ता का भूखा होने का आरोप लगाते हुए स्टालिन ने कहा कि वह विपक्ष शासित राज्यों में राज्यपाल पद का दुरुपयोग कर रहा है और राज्यों को धन के लिए केंद्र के सामने गिड़गिड़ाने जैसी स्थिति पैदा की जा रही है।

भाषा

राजकुमार शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments