गुरुग्राम/नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक क्रेन क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कई घंटे तक यातायात जाम रहा। घटना दोपहर में हुई, लेकिन देर शाम तक जाम रहने की खबरें आती रही।
गुरुग्राम पुलिस ने कहा, “आज दिल्ली में हवाईअड्डा टर्मिनल-तीन के निकास से ठीक पहले, एनएच-48 पर एक क्रेन के क्षतिग्रस्त होने से दोपहर से ही यातायात जाम है।”
गुरुग्राम पुलिस ने कई स्थानों पर यातायात डाइवर्जन किया है जिसमें पंचगांव शामिल है, जहां यातायात को केएमपी की ओर मोड़ दिया गया। बाकी के यातायात को एमजी रोड तथा अन्य स्थानों की तरफ मोड़ दिया गया है।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि उसने आवागमन करने वालों से इस रास्ते को छोड़कर अन्य मार्ग पकड़ने का सुझाव दिया है। पुलिस ने कहा कि महिपालपुर के पास राजमार्ग पर एक हाइड्रा क्रेन में आग लग गई, जिसके कारण जाम लग गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और क्रेन को हटाने का प्रयास जारी है।
भाषा यश सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
