प्रयागराज, पांच अप्रैल (भाषा) चैत्र के शुक्लपक्ष की पंचमी को जन्मे निषादराज की जयंती पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से श्रृंगवेरपुर धाम तक एक भव्य रैली निकाली जाएगी।
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय सचिव संजय सिंह राजपूत ने यहां संवाददाताओं को बताया कि इस रैली के साथ ही श्रृंगवेरपुर में धूमधाम में निषाद राज जयंती मनाई जाएगी जिसमें दो लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि निषादराज जयंती के कार्यक्रम की अध्यक्षता निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डाक्टर संजय निषाद करेंगे।
उन्होंने बताया कि निषादराज की जयंती में शामिल होने देश के विभिन्न हिस्सों विशेष रूप से पूर्वांचल से मछुआ समाज के लोग पहुंचेंगे जबकि छत्तीसगढ़ से 12 बसें श्रृंगवेरपुर आ रही हैं।
राजपूत ने बताया कि निषाद पार्टी ने संगम नगरी प्रयागराज और दक्षिणांचल जाने वाली कुछ ट्रेनों के नाम महाराजा निषादराज एक्सप्रेस करने की रेल मंत्री से मांग की है ताकि निषाद समुदाय गौरवान्वित महसूस कर सके।
भाषा राजेंद्र राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
