scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशशिवसेना नेता राउत के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को लेकर राकांपा ने साधा भाजपा पर निशाना

शिवसेना नेता राउत के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को लेकर राकांपा ने साधा भाजपा पर निशाना

Text Size:

मुंबई, पांच अप्रैल (भाषा) ईडी द्वारा शिवसेना नेता संजय राउत से जुड़ी संपत्तियों को कुर्क किये जाने के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने मंगलवार को भाजपा पर बदले की राजनीति करने और केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर महाराष्ट्र में एमवीए नेताओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया।

ईडी ने धन शोधन रोकथाम कानून के तहत अलीबाग में राउत और उनके परिवार से जुड़े आठ भूखंड और मुंबई के दादर उपनगर में एक फ्लैट को कुर्क किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

महाराष्ट्र राकांपा के मुख्य प्रवक्ता महेश तापसे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महा विकास आघाड़ी नेताओं को इसलिये निशाना बना रही है क्योंकि वह 2019 के विधानसभा चुनावों के बाद राज्य में सरकार नहीं बना सकी थी।

तापसे ने प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के समय पर भी सवाल उठाया और कहा कि जैसे ही महाराष्ट्र सरकार ने जांच एजेंसी के कुछ अधिकारियों के खिलाफ जबरन वसूली के राउत के आरोप की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया, तो बदले में यह कार्रवाई की गई।

तापसे ने एक वीडियो बयान में कहा, “केंद्र की भाजपा सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों की आवाज दबाने के लिए अपनी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। (महाराष्ट्र में) क्या चल रहा है? यह प्रतिशोध की राजनीति है जो महाराष्ट्र में चल रही है।”

उन्होंने कहा कि राउत से जुड़ी संपत्तियों को इसलिये कुर्क किया गया क्योंकि उन्होंने महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ एमवीए के समर्थन में और भाजपा के खिलाफ बात की थी।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments