scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशबीएसएफ ने गुजरात के कच्छ में पाकिस्तान की मछली पकड़ने वाली नौका जब्त की

बीएसएफ ने गुजरात के कच्छ में पाकिस्तान की मछली पकड़ने वाली नौका जब्त की

Text Size:

अहमदाबाद (गुजरात), चार अप्रैल (भाषा) सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने गुजरात के कच्छ जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास अरब सागर के समीप स्थित हरामी नाला क्रीक से पाकिस्तान की एक मछली पकड़ने वाली नौका जब्त की है।

बीएसएफ ने सोमवार को बताया कि रविवार रात को चलाए गए अभियान के दौरान कुछ मछुआरे एक अन्य नौका से पाकिस्तानी क्षेत्र की ओर भाग गए।

उसने एक बयान जारी कर कहा कि पाकिस्तानी नौका को भारतीय क्षेत्र के करीब 100 मीटर अंदर से जब्त कर लिया गया और उससे कुछ मछलियों, मछली पकड़ने के जाल व अन्य उपकरणों के अलावा कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। इलाके में गहन तलाशी की जा रही है।

बयान में कहा गया है कि तीन अप्रैल को रात करीब साढ़े आठ बजे बीएसएफ के एक गश्ती दल ने सीमा स्तंभ संख्या 1164 के समीप मछली पकड़ने वाली दो पाकिस्तानी नौकाओं की आवाजाही देखी और हरामी नाला इलाके में सीमा स्तंभ संख्या 1160 के समीप करीब चार-पांच पाकिस्तानी मछुआरों को भी देखा।

इसमें कहा गया है, ‘‘दलदल और नाले को पैदल पार कर बीएसएफ का गश्ती दल फौरन वहां पहुंचा। पाकिस्तानी मछुआरों ने बीएसएफ के गश्ती दल को अपनी ओर आते हुए देखकर दलदल का फायदा उठाया और पाकिस्तानी क्षेत्र की ओर भाग गए।’’

बयान के मुताबिक, बीएसएफ के गश्ती दल ने उनका पीछा किया और सीमा स्तंभ संख्या 1160 के समीप भारतीय क्षेत्र में करीब 100 मीटर अंदर एक पाकिस्तानी नौका को जब्त कर लिया।

हरामी नाला क्रीक समुद्री क्षेत्र में भारत और पाकिस्तान को अलग करता है। इसका दलदली इलाका मछलियों की कई किस्मों का आशियाना है और पड़ोसी देश के मछुआरे भी मछलियां पकड़ने की फिराक में यहां आते हैं।

भाषा गोला पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments