scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशकोविड के दौरान लोगों ने विटामिन सी से भरपूर फल, जिंक की खुराक ली: सर्वेक्षण

कोविड के दौरान लोगों ने विटामिन सी से भरपूर फल, जिंक की खुराक ली: सर्वेक्षण

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के राष्ट्रीय पोषण संस्थान द्वारा किये गए एक ऑनलाइन सर्वेक्षण में यह बात सामने आयी कि कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान वयस्क भारतीयों ने सोशल मीडिया पर गलत सूचना के सम्पर्क में आने के चलते अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए विटामिन सी से भरपूर फलों के साथ-साथ विटामिन सी और जिंक की खुराक ली।

पारंपरिक भारतीय मसालों जैसे अदरक और लहसुन का प्रयोग क्रमशः 62.9 प्रतिशत और 50.9 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने किया।

अध्ययन में पाया गया कि कुल 572 उत्तरदाताओं में से अधिकांश ने बताया कि उन्होंने प्रतिरक्षा बढ़ाने के लिए कोविड-19 से जुड़े सुझाव प्राप्त करने के लिए सोशल मीडिया पर भरोसा किया। हालांकि, कोरोना वायरस संक्रमण के इतिहास वाले लोगों ने जानकारी के लिए डॉक्टरों और स्वास्थ्य पेशेवरों पर अधिक भरोसा करने की बात कही।

राष्ट्रीय पोषण संस्थान निदेशक डॉ. हेमलता आर ने कहा, ‘‘जल्द ही प्रकाशित होने वाला अध्ययन – ‘‘इंपैक्ट आफ कोविड-19 इन्फोडेमिक आन द फूड एंड न्यूट्रिशन-रिलेटेड पर्सेप्शन, प्रैक्टिसेस एंड रिलायबिलिटी आन दर सोर्स आफ इन्फार्मेशन अमंग इंडियन इंटरनेट यूजर्स’’ स्वास्थ्य जानकारी के सावधानी से उपयोग के रेखांकित करता है।’’

वरिष्ठ वैज्ञानिक और अध्ययन के प्रमुख अन्वेषक डॉ सुब्बाराव एम गावरवरापु ने कहा, ‘‘कोविड-19 से संबंधित (गलत) सूचना, समाचार और प्रचार के अनियंत्रित प्रसार ने लोगों को दहशत में डाला और उन्होंने अवैज्ञानिक प्रथाओं को अपनाया। दुनिया में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की सबसे बड़ी संख्या के साथ, भारत में कोविड-19 संबंधी सूचना की तलाश करने वालों की संख्या में तेज वृद्धि देखी गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस अध्ययन का उद्देश्य 27 जनवरी, 2020 से 30 जून, 2021 के बीच भारतीय इंटरनेट उपयोगकर्ताओं द्वारा कोविड-19 से संबंधित खाद्य और पोषण समाचार खोज की प्रवृत्ति का मूल्यांकन करना है।’’

भाषा अमित नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments