कारगिल, 31 मार्च (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी) की कारगिल इकाई के अध्यक्ष फिरोज अहमद खान ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षदों के समर्थन वापस लेने के बावजूद उनकी कुर्सी को कोई खतरा नहीं है तथा उनके पास पर्याप्त संख्याबल है।
फिरोज अहमद खान ने बृहस्पतिवार को पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘ भाजपा द्वारा समर्थन वापस लेना एक आश्चर्यजनक घटनाक्रम था क्योंकि लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित एलएएचडीसी-कारगिल जिले में विकास गतिविधियों के साथ सुचारू रूप से कार्य कर रहा था। इस दौरान विकास कार्यों में काफी तेजी आई थी। ऐसा हो सकता है कि भाजपा की लद्दाख इकाई इससे खुश न हो।’’
उन्होंने यह टिप्पणी तब की जब भाजपा ने बुधवार को एलएएचडीसी, कारगिल में नेशनल कॉन्फ्रेंस से अपना समर्थन वापस ले लिया और परिषद को भंग करने की सिफारिश की।
फिरोज अहमद खान ने भाजपा की लद्दाख इकाई पर भी निशाना साधा और उसके उन आरोपों को पूरी तरह से भ्रामक और झूठा करार दिया जिसमें भाजपा ने कहा था कि परिषद का रवैया ढुलमुल था और जन कल्याण के लिए धन के उपयोग में पारदर्शिता की कमी थी।
हालांकि, मुख्य कार्यकारी पार्षद फिरोज खान ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और उपराज्यपाल आर के माथुर के नेतृत्व वाले प्रशासन की सीमावर्ती जिले के विकास के लिए धन राशि की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए प्रशंसा की है।
उन्होंने कहा कि एलएएचडीसी-कारगिल में नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) और भाजपा के बीच कोई गठबंधन नहीं था।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने (नेकां) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ गठबंधन किया था, जिसके दो सदस्य बाद में भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा सदस्यों ने कुर्सी के लिए अपना समर्थन जारी रखा और आधिकारिक तौर पर नेकां और भाजपा के बीच कोई गठबंधन नहीं था।’’
भाषा रवि कांत नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
