scorecardresearch
Friday, 13 March, 2026
होमदेशउच्च स्तरीय समिति ने आपदा प्रभावित पांच राज्यों को 1,887 करोड़ रुपये दिए जाने की मंजूरी दी

उच्च स्तरीय समिति ने आपदा प्रभावित पांच राज्यों को 1,887 करोड़ रुपये दिए जाने की मंजूरी दी

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता वाली एक उच्च स्तरीय समिति ने 2021 के दौरान बाढ़, भूस्खलन और ओलावृष्टि से प्रभावित पांच राज्यों को अतिरिक्त केंद्रीय सहायता के रूप में 1,887.23 करोड़ रुपये दिए जाने की बुधवार को मंजूरी दी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि जिन राज्यों को राष्ट्रीय आपदा मोचन कोष (एनडीआरएफ) से केंद्रीय सहायता मिलेगी, उनमें बिहार (1,038.96 करोड़ रुपये), पश्चिम बंगाल (475.04 करोड़ रुपये), राजस्थान (292.51 करोड़ रुपये), सिक्किम (59.35 करोड़ रुपये) और हिमाचल प्रदेश (21.37 करोड़ रुपये) शामिल हैं।

यह अतिरिक्त सहायता केंद्र द्वारा राज्यों को राज्य आपदा मोचन कोष (एसडीआरएफ) में जारी की गई धनराशि के अतिरिक्त है, जो पहले से ही राज्यों के पास उपलब्ध है। वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान केंद्र सरकार ने 28 राज्यों को एसडीआरएफ में 17,747.20 करोड़ रुपये और एनडीआरएफ से नौ राज्यों को 6,197.98 करोड़ रुपये जारी किए हैं।

केंद्र सरकार ने आपदाओं के तुरंत बाद इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से ज्ञापन प्राप्त होने की प्रतीक्षा किए बिना अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दलों (आईएमसीटी) की तैनाती की थी। केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति ने 2021 के दौरान बाढ़, भूस्खलन और ओलावृष्टि से प्रभावित पांच राज्यों को एनडीआरएफ के तहत अतिरिक्त केंद्रीय सहायता को मंजूरी दी है।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments