पुडुचेरी, 29 मार्च (भाषा) केन्द्रीय श्रमिक संगठनों के एक संयुक्त मंच द्वारा आहूत दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दूसरे दिन मंगलवार को पुडुचेरी में जनजीवन प्रभावित हुआ।
इस दौरान, दुकानें, व्यवसायिक प्रतिष्ठान, सिनेमाघर बंद रहे। निजी बसें सड़कों से नदारद रहीं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि सरकार की कथित जन-विरोधी आर्थिक नीतियों तथा श्रमिक विरोधी नीतियों के विरोध में केन्द्रीय श्रमिक संगठनों के संयुक्त मंच और विभिन्न क्षेत्रों के स्वतंत्र श्रमिक संगठनों ने दो दिन की हड़ताल का आह्वान किया है।
केंद्र शासित प्रदेश में सभी प्रमुख इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। सरकारी बसों की सेवाएं सामान्य रहीं, जबकि कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति भी सामान्य थी। अधिकतर स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की गई है, हालांकि जहां परीक्षाएं होनी थीं, वहां किसी तरह की कोई समस्या उत्पन्न नहीं हुई। हड़ताल से बैंकिंग सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित हुईं।
भाषा निहारिका मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
