लखनऊ, 28 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के विधायक सतीश महाना का सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल हुआ। महाना के अलावा किसी और सदस्य का नामांकन नहीं होने से उनका निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।
विधानसभा से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता सदन योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे को सतीश महाना का नामांकन पत्र सौंपा गया। इस मौके पर महाना और योगी आदित्यनाथ के अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा वरिष्ठ मंत्री सुरेश खन्ना और सूर्य प्रताप शाही समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे।
इस दौरान कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के नेता रघुराज प्रताप सिंह मौजूद थे।
विधानसभा सूत्रों के अनुसार, सत्तारूढ़ भाजपा के अलावा विपक्षी दलों के नेताओं ने भी सतीश महाना को विधानसभा अध्यक्ष बनाने के लिए अपना प्रस्ताव दिया।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए 29 मार्च की तिथि तय की है। सत्तारूढ़ दल के पूर्ण बहुमत और विपक्ष की ओर से कोई दावेदारी नहीं किये जाने से महाना का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।
नामांकन के लिए सोमवार, 28 मार्च को दो बजे से पहले का समय निर्धारित किया गया था और खन्ना के अलावा किसी अन्य का नामांकन पत्र नहीं आया। मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा होगी।
सतीश महाना कानपुर जिले की महाराजपुर विधानसभा सीट से आठवीं बार निर्वाचित हुए हैं। पिछली सरकार में वह औद्योगिक विकास मंत्री थे।
उल्लेखनीय है कि सात चरणों में संपन्न हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का परिणाम 10 मार्च को घोषित हुआ। 403 सदस्यों वाली विधानसभा में इस बार सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के 255 और उसके सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के 12 तथा निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) के छह सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
राज्य की मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी के 111 तथा उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के आठ और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के छह सदस्य निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा कांग्रेस के दो, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के दो और बहुजन समाज पार्टी के पास एक सदस्य हैं। इस बार विधानसभा में एक भी निर्दलीय सदस्य नहीं है।
भाषा आनन्द अर्पणा
अर्पणा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.