scorecardresearch
Friday, 13 March, 2026
होमदेशराजस्थान में संगठन का पुनर्गठन करेगी आम आदमी पार्टी

राजस्थान में संगठन का पुनर्गठन करेगी आम आदमी पार्टी

Text Size:

जयपुर, 27 मार्च (भाषा) पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजों से उत्साहित आम आदमी पार्टी (आप) ने राजस्थान में भी संगठन का पुनर्गठन करने की घोषणा की है। इसके तहत उसने मौजूदा राज्य कार्यकारिणी सहित सभी इकाइयों को भंग कर दिया है।

राजस्थान में पार्टी के नए चुनाव प्रभारी और द्वारका (दिल्ली) से विधायक विनय मिश्रा ने रविवार को जयपुर स्थित बिड़ला सभागार में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी की प्रदेश और अग्रिम संगठनों की कार्यकारिणियों को भंग करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही संगठन का नया रूप नजर आएगा।

मिश्रा के मुताबिक, राजस्थान में ‘आप’ का हर कार्यकर्ता इस सोच के साथ काम करेगा कि राज्य में कल ही चुनाव होने वाले हैं।

उन्होंने कहा, “तीन महीने का विशेष सदस्यता अभियान शुरू किया जा रहा है। सदस्यता अभियान के साथ-साथ पार्टी के लिए बेहतर कार्य करने वालों में से ही जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारी बनाए जाएंगे।”

मिश्रा के अनुसार, ‘आप’ राजस्थान की कांग्रेस सरकार की विफलताओं को जनता के बीच ले जाएगी और सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, “पहले जब हम दिल्ली के चुनाव मैदान में उतरे तो बहुत लोगों ने हमें गालियां दीं। पर हमने जीत हासिल की और सरकार बनाई। हमने जनता से किए वादों को लेकर कोई समझौता नहीं किया।”

सिंह ने कहा, “इसके बाद हमने फिर चुनाव लड़ा और शानदार जीत दर्ज की। हाल ही में संपन्न पंजाब विधानसभा चुनाव में भी पार्टी ने अपने दमखम पर जीत हासिल की है।”

उन्होंने दावा किया कि ‘आप’ पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है और लोगों को समझ में आ गया है कि आम आदमी पार्टी ही विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ती है, जबकि दूसरी पार्टियां देश को धर्म-जाति के आधार पर बांटकर वोट मांग रही हैं।

सिंह ने कहा, विकास और जनहित के मुद्दे इन पार्टियों के लिए कोई अहमियत नहीं रखते हैं।

‘आप’ नेता ने कहा कि पार्टी राजस्थान की जनता का विश्वास जीतेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में इसके नतीजे सामने आएंगे।

उन्होंने दावा किया कि राजस्थान की जनता कांग्रेस और भाजपा, दोनों ही दलों से परेशान है और विकल्प के तौर पर उसे ‘आप’ से बहुत उम्मीदें हैं।

इस मौके पर राज्यभर के एक हजार से ज्यादा लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिनमें पार्षद, पूर्व पार्षद, वर्तमान व पूर्व सरपंच, चिकित्सा और कानून क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हैं।

भाषा

पृथ्वी पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments