नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने राजस्थान में एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार के मामले में अपने एक विधायक के पुत्र तथा चार अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद शनिवार को कहा कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी, चाहे दोषी कोई भी हो।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक रहे कुलदीप सेंगर के मामले का हवाला देते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं सभी लोगों को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि कांग्रेस पार्टी दुनिया के ‘सेंगरों’ की रक्षा नहीं करेगी। आप कांग्रेस के भीतर रहकर किसानों को कुचलने के बाद भी केंद्रीय मंत्री बने नहीं रह सकते, आप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के साथ बैठ नहीं सकते। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘चाहे आरोपी जो भी, हमारी सरकार कानून के तहत कड़ी कार्रवाई करेगी।’’
राजस्थान के दौसा जिले में 15 वर्षीय नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में राजगढ़ से कांग्रेस विधायक जौहरी लाल मीणा के बेटे समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि घटना फरवरी की है, जब आरोपी लड़की को महवा-मंडावर रोड स्थित एक होटल में ले गए और वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पीड़िता को धमकाने के लिए अश्लील वीडियो भी बनाये।
भाषा हक
हक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
