scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशगोवा में एमजीपी के भाजपा को समर्थन देने के मामले पर टीएमसी का टिप्पणी से इनकार

गोवा में एमजीपी के भाजपा को समर्थन देने के मामले पर टीएमसी का टिप्पणी से इनकार

Text Size:

पणजी, 23 मार्च (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की गोवा इकाई ने राज्य में सरकार गठन के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)को महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) द्वारा समर्थन दिये जाने पर बुधवार को कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

एमजीपी का राज्य में टीएमसी के साथ चुनाव-पूर्व गठबंधन था। चालीस-सदस्यीय गोवा विधानसभा के हालिया सम्पन्न चुनाव से पहले ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी का दीपक ढवलीकर-नीत राज्य की सबसे पुरानी क्षेत्रीय पार्टी एमजीपी के साथ गठबंधन था।

एमजीपी को चुनाव में दो सीट मिली है, जबकि गोवा की राजनीति में प्रवेश करने वाली टीएमसी एक भी सीट नहीं जीत सकी। बाद में एमजीपी ने भाजपा को सरकार बनाने में समर्थन देने का फैसला लिया। भाजपा ने इस चुनाव में 20 सीट पर जीत हासिल की है, जो सरकार बनाने के लिए जरूरी आंकड़े से एक सीट कम है।

टीएमसी की गोवा इकाई के अध्यक्ष किरण कंडोलकर ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा, ‘‘भाजपा को एमजीपी द्वारा समर्थन दिये जाने के बारे में उन्हें कुछ नहीं कहना। एमजीपी के साथ हमारा चुनाव-पूर्व गठबंधन था, जो अब जारी नहीं रहा, क्योंकि हमने एक भी सीट नहीं जीती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘गोवा में अगली सरकार के गठन में हमारी कोई भूमिका नहीं है। एमजीपी ने खुद यह फैसला किया है।’’

कंडोलकर ने कहा कि टीएमसी गोवा में अपनी भविष्य की योजना पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिसे लेकर 26 मार्च को पणजी में एक विशेष बैठक आयोजित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी और सुष्मिता देव सहित टीएमसी के कई नेता बैठक में शामिल रहेंगे।

भाषा सुरेश दिलीप

दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments