चंडीगढ़,17 मार्च (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को ऐलान किया कि उनकी सरकार 23 मार्च को राज्य की भ्रष्टाचार रोधी हेल्पलाइन जारी करेगी, ताकि लोग भ्रष्ट अधिकारियों को बेनकाब कर सकें।
उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन नंबर महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के शहादत दिवस पर जारी किया जाएगा। मान ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत ‘‘व्हाट्सएप नंबर’’ होगा और लोग रिश्वत मांग रहे या अन्य कदाचार में संलिप्त रहने वाले भ्रष्ट अधिकारियों का उस पर वीडियो ‘अपलोड’ कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि वह राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार सुनिश्चित करेंगे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मान की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में भ्रष्टाचार का सफाया कर दिया और अब मान तथा उनके (मान के) मंत्री पंजाब में एक ईमानदार सरकार चलाएंगे।
मान ने एक वीडियो संदेश में, लोगों को याद दिलाया कि जब आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली में सत्ता में आई थी, तब लोगों से भ्रष्ट अधिकारियों के ऑडियो या वीडियो मुहैया करने को कहा गया था।
उन्होंने दावा किया, ‘‘इससे दिल्ली में भ्रष्टाचार पूरी तरह से खत्म हो गया। ’’
पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आने वाले समय में, हम एक ऐसा हेल्पलाइन नंबर जारी करेंगे, जो मेरा व्यक्तिगत व्हाट्सएप नंबर होगा। यदि कोई आपसे रिश्वत मांगेगा, तो इससे इनकार नहीं करें। इसका एक वीडियो या ऑडियो रिकार्ड कर लें और इस नंबर पर भेज दीजिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं आपको गारंटी देता हूं कि हमारा कार्यालय इसकी पड़ताल करेगा और कोई भ्रष्ट व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा तथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ’’
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकेगी। साथ ही, उन्होंने यह भी वादा किया कि वह अपने राज्य को लोगों को प्रताड़ित नहीं होने देंगे।
पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह किसी अधिकारी या कर्मचारी को धमकी नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब सरकार के 99 प्रतिशत कर्मचारी ईमानदार हैं और सिर्फ एक प्रतिशत ऐसे लोग हैं जो गलत तथा भ्रष्ट हैं। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं महज एक प्रतिशत की खातिर अधिकारियों और कर्मचारियों को बदनाम नहीं होने दूंगा।’’
मान ने राज्य में भ्रष्ट प्रणाली के लिए पूर्ववर्ती सरकारों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा, ‘‘यह केवल आप सरकार है जो भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सकती है। अन्य दलों ने इस प्रणाली को सड़ा दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऊपर से लेकर नीचे तक, उनके (अन्य दलों के) नेता, उनके अधिकारी पुलिसकर्मियों से हफ्ता वसूली एकत्र करने के लिए इस प्रणाली का इस्तेमाल किया करते थे। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप को इस तरह के अवैध धन की जरूरत नहीं है। ’’
मान ने कहा कि हेल्पलाइन नंबर महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के शहादत दिवस पर 23 मार्च को जारी किया जाएगा।
पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार एक दीमक की तरह है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘शायद यह (हेल्पलाइन नंबर जारी करना) पंजाब के इतिहास में एक बड़ी घोषणा होगी। ऐसी कोई घोषणा पंजाब के इतिहास में कभी नहीं की गई है। ’’
वहीं, केजरीवाल ने ऑनलाइन ब्रीफिंग में कहा, ‘‘अगली बार, यदि कोई आपसे रिश्वत मांगता है, तो इनकार नहीं करें। अपना मोबाइल फोन निकालिए और इसे रिकार्ड कर उस नंबर पर भेज दीजिए, जो जारी किया जाएगा। यह उनका (मान का) व्यक्तिगत व्हाट्स ऐप नंबर होगा। हम उस अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।’’
केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में 49 दिनों वाली अपनी पहली सरकार के दौरान इसी तरह का कदम उठाया था।
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैंने पहली बार सरकार बनाई थी, तो मैंने भी एक व्हाट्स ऐप नंबर जारी किया था और उन 49 दिनों के दौरान, हमने 30-32 अधिकारियों को जेल भेजकर उनके खिलाफ कार्रवाई की थी। दिल्ली में भ्रष्टाचार का सफाया कर दिया गया और फोन आम आदमी को सशक्त करने का सबसे बड़ा औजार बन गया।’’
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘देश की आजादी को 75 साल हो गये हैं, लेकिन हमें अब तक रिश्वत देना पड़ता है। सभी राजनीतिक दल भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं। आम आदमी पार्टी पहली ऐसी पार्टी है, जो एक ईमानदार सरकार चला रही है।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘मैं और मेरे मंत्री, मान और उनके मंत्री भ्रष्ट नहीं हैं। हम ‘हफ्ता’ नहीं चाहते। जिस तरह हमने दिल्ली में भ्रष्टाचार का सफाया कर दिया, हम पंजाब में भी उसी तरह से भ्रष्टाचार का उन्मूलन कर देंगे।’’
उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आप नेता भगवंत मान ने बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। उल्लेखनीय है कि आप ने हालिया पंजाब विधानसभा चुनावों में 117 सीटों में 92 पर जीत हासिल की थी।
भाषा सुभाष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.