पोर्ट ब्लेयर, छह मार्च (भाषा) अंडमान निकोबार में पंचायत और पोर्ट ब्लेयर नगर परिषद के लिए रविवार को कड़ी सुरक्षा और कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए मतदान जारी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 685 पंचायत सीट और नगर निकाय के 24 वार्ड सदस्यों के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम पांच बजे तक चलेगा।
अधिकारी ने बताया, ‘‘पंचायती इलाकों और पोर्ट ब्लेयर में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।’’
उन्होंने बताया कि ग्रामीण इलाकों और शहर के 800 मतदान केंद्रों पर करीब से नजर रखने के लिए सूक्ष्म पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी अपने-अपने इलाके में गश्त कर रहे हैं ताकि आदर्श अचार संहिता का उल्लंघन होने से रोका जा सके।
उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए मतपत्र का इस्तेमाल किया जा रहा है जबकि नगर निकाय चुनाव के लिए ईवीएम से मतदान कराया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी , कांग्रेस और उनके सहयोगियों के कम से कम 110 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर है।
उन्होंने बताया कि नगर निकाय के लिए कुल 1,32,965 मतदाता और पंचायत चुनाव के लिए 1,64,975 मतदाता पंजीकृत हैं।
अधिकारी के मुताबिक ,मतों की गिनती आठ मार्च को होगी।
भाषा धीरज सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
