scorecardresearch
Sunday, 6 October, 2024
होमदेशहरियाणा विधानसभा में धर्मांतरण रोधी विधेयक पेश किये जाने के बाद हंगामा

हरियाणा विधानसभा में धर्मांतरण रोधी विधेयक पेश किये जाने के बाद हंगामा

Text Size:

चंडीगढ़, चार मार्च (भाषा) हरियाणा सरकार ने जबरन या धोखाधड़ी से धर्म परिवर्तन के खिलाफ प्रावधान वाला एक विधेयक शुक्रवार को विधानसभा में पेश किया, जिसके बाद सदन में हंगामा हो गया।

विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कांग्रेस विधायक रघुवीर सिंह कादियान को सदन में विधेयक की एक प्रति फाड़ने की वजह से बजट सत्र से निलंबित कर दिया।

कादियान के निलंबन के विरोध में कांग्रेस सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया।

गृह मंत्री अनिल विज ने यहां विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन हरियाणा अवैध धर्मांतरण रोकथाम विधेयक, 2022 पेश किया।

विधेयक पेश किए जाने के बाद, कादियान ने आरोप लगाया कि यह ‘विभाजनकारी नीतियों’ को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने कहा कि विधेयक में किसी धर्म का उल्लेख नहीं है और इसमें केवल जबरन धर्मांतरण का जिक्र है।

कांग्रेस सदस्य खट्टर की किसी टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए अपनी सीटों से उठ खड़े हुए। कादियान ने विधेयक की प्रति फाड़ दी, जिससे विधानसभा अध्यक्ष नाराज हो गए।

जब कादियान ने कहा कि यह एक साधारण कागज है, तो विधानसभा अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि विधेयक एक कानूनी दस्तावेज है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस सदस्य से अपने कृत्य पर खेद व्यक्त करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि वह सदन में इस तरह के व्यवहार की अनुमति नहीं देंगे। इसके बाद गुप्ता ने कादियान को बजट सत्र से निलंबित कर दिया।

भाषा जोहेब माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments