scorecardresearch
Friday, 20 September, 2024
होमदेशचन्नी का बयान शर्मनाक, कांग्रेस माफी मांगे : जद(यू)

चन्नी का बयान शर्मनाक, कांग्रेस माफी मांगे : जद(यू)

Text Size:

लुधियाना, 16 फरवरी (भाषा) जनता दल (यूनाइडेट) ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा उत्तर प्रदेश एवं बिहार के लोगों के संदर्भ में कथित तौर पर की गई टिप्पणी को ‘शर्मनाक और निंदनीय’ करार देते हुए बुधवार को कहा कि इसके लिए कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।

जद(यू) के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार के मंत्री संजय कुमार झा ने चन्नी के उस कथित बयान का उल्लेख किया जिसमें कहा गया है कि ‘‘जो यूपी, बिहार और दिल्ली से आकर पंजाब में राज करना चाहते हैं उनको सफल नहीं होने देना है।’’

झा ने एक बयान में कहा, ‘‘यह देखकर दुख होता है कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बिहार और उत्तर प्रदेश के मेहनतकश लोगों का उपहास किया है। यह देखकर हैरानी हुई कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने तालियां बजाकर चन्नी के बयान का समर्थन किया। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं और कांग्रेस से माफी की मांग करते हैं।’’

झा ने कहा, ‘‘क्या चन्नी जी को यह पता है कि पंजाब की संपत्ति और प्रगति बिहार के हजारों प्रवासी मजदूरों पर निर्भर करती है? ऐसा सदियों से है। कोविड महामारी के दौरान जब हमारे भाई-बहन बिहार और उत्तर प्रदेश वापस जाने लगे तो पंजाब में अफरा-तफरी मच गई थी।’’

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का बयान बहुत शर्मनाक और निंदनीय है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस के नेता इस तरह की बयानबाजी करते हैं और भारत की एकता का अनादर करते हैं। ऐसा लगता है कि कांग्रेस को क्षेत्रों और समुदायों के बीच अनादर का बीज बोने की आदत हो गई है।’’

भाषा हक

हक मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments