scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमविदेशयूनुस ने हसीना के अपदस्थ होने को ‘दूसरी स्वतंत्रता’ बताया, नागरिकों की सुरक्षा का वादा किया

यूनुस ने हसीना के अपदस्थ होने को ‘दूसरी स्वतंत्रता’ बताया, नागरिकों की सुरक्षा का वादा किया

Text Size:

(अनीस-उर-रहमान)

ढाका, आठ अगस्त (भाषा) नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अर्थशास्त्री मोहम्मद यूनुस ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। उन्होंने बांग्लादेश के पुनर्निर्माण में उनकी मदद करने का भी आग्रह किया। साथ ही शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने को देश के लिए दूसरी स्वतंत्रता करार दिया।

साल 2006 में नोबेल पुरस्कार पाने वाले यूनुस (84) को मंगलवार को राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन द्वारा संसद भंग किए जाने के बाद अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया गया था। इससे पहले आरक्षण प्रणाली के खिलाफ व्यापक प्रदर्शनों के बीच शेख हसीना सोमवार को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर देश छोड़कर चली गई थीं।

ओलंपिक खेलों के लिए पेरिस गए यूनुस बृहस्पतिवार को दुबई से होते हुए अमीरात की उड़ान से स्वदेश लौटे। सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमां, वरिष्ठ अधिकारियों, छात्र नेताओं और नागरिक संस्थाओं के सदस्यों ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

अपने आगमन के बाद ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संवाददाता सम्मेलन में यूनुस ने बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन को “दूसरी आजादी” बताया।

उन्होंने कहा, “आज हमारे लिए गर्व का दिन है। हमें दूसरी बार स्वतंत्रता मिली है। हमें इस स्वतंत्रता की रक्षा करनी होगी।”

यूनुस ने उन युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया जिन्होंने हसीना के खिलाफ आंदोलन को सफल बनाया।

प्रधानमंत्री पद के समकक्ष पद मुख्य सलाहकार की शपथ लेने के लिए तैयार यूनुस ने कहा कि उनका पहला कार्य अराजक गतिविधियों और अल्पसंख्यक समुदायों पर हमलों को नियंत्रित करते हुए कानून-व्यवस्था को बहाल करना होगा। उन्होंने इन घटनाओं को “एक साजिश का हिस्सा” बताया।

उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से उनकी बात सुनने का आग्रह किया और छात्रों तथा युवाओं की मांग पर अंतरिम सरकार की कमान संभालने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा, ‘‘हमें ऐसी सरकार बनानी है जो अपने नागरिकों को सुरक्षा का आश्वासन दे।’’

उन्होंने नागरिकों से देश को विरोध प्रदर्शनों के दौरान पैदा हुई अराजकता से बचाने के लिए कहा।

यूनुस ने कहा, ‘‘अगर आपको मुझ पर भरोसा है, तो आप सुनिश्चित करें कि देश में कहीं भी किसी पर कोई हमला न हो। यह हमारी पहली जिम्मेदारी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यदि मैं ऐसा नहीं कर सकता और आप मेरी बात नहीं सुनते, तो यहां मेरी कोई उपयोगिता नहीं है।’’

यूनुस ने कहा कि देश अब युवाओं के हाथ में है। उन्होंने कहा, ‘‘देश अब आपके हाथों में है। अब आपको अपनी आकांक्षाओं के अनुसार इसका पुनर्निर्माण करना है। आपको देश के निर्माण के लिए अपनी रचनात्मकता का उपयोग करना होगा। आपने देश के लिए आजादी हासिल की है।’’

उन्होंने अबू सईद को भी श्रद्धांजलि दी, जो भेदभाव विरोधी छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस गोलीबारी में मारे गए शुरुआती लोगों में से एक थे।

बांग्लादेश में निर्वाचित सरकार बनने तक अंतरिम सरकार देश की कमान संभालेगी। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन अंतरिम सरकार को शपथ दिलाएंगे।

बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वकार-उज-जमां ने बुधवार को कहा था कि अंतरिम सरकार का शपथ ग्रहण समारोह संभवतः शाम को आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 400 गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

सेना प्रमुख ने बुधवार को संकेत दिया था कि अंतरिम सरकार में फिलहाल 15 सदस्य हो सकते हैं। हालांकि, उन्होंने सरकार के संभावित कार्यकाल के बारे में कुछ नहीं बताया। जनरल जमां ने उम्मीद जताई कि तीन से चार दिन में सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी क्योंकि देश भर में स्थिति में काफी सुधार हो रहा है।

भाषा जोहेब प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments