नई दिल्ली: इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के दिवंगत नेता कासिम सुलेमानी की भतीजी हमीदेह सुलेमानी अफशार और उनकी बेटी अमेरिका की हिरासत में हैं क्योंकि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शुक्रवार को उनका स्थायी निवास (परमानेंट रेजिडेंट) दर्जा खत्म कर दिया.
अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट ने शनिवार को एक बयान में कहा, “कल रात विदेश मंत्री मार्को रुबियो द्वारा उनके वैध स्थायी निवास (LPR) दर्जे को समाप्त करने के बाद, मृत ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के मेजर जनरल क़ासिम सुलेमानी की भतीजी और नातिन को फेडरल एजेंट्स ने गिरफ्तार कर लिया.”
“हमीदेह सुलेमानी अफशार और उनकी बेटी अब अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) की हिरासत में हैं. मीडिया रिपोर्ट और उनके अपने सोशल मीडिया कमेंट्स के आधार पर, सुलेमानी अफशार ईरान के तानाशाही और आतंकी शासन की खुलकर समर्थक रही हैं.”
मेजर जनरल कासिम सुलेमानी लंबे समय तक IRGC के प्रमुख रहे और पश्चिम एशिया में उसके विस्तार में उनकी अहम भूमिका रही, जिसमें लेबनान के हिज़्बुल्लाह और गाज़ा पट्टी के हमास जैसे समूहों को समर्थन देना भी शामिल था.
सुलेमानी को 2020 में इराक में अमेरिकी एयर स्ट्राइक में मार दिया गया था. यह हमला राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान उनके आदेश पर किया गया था. यह कार्रवाई इराक में अमेरिकी कर्मियों पर हमलों के बाद हुई थी.
शुक्रवार तक सुलेमानी की भतीजी और नातिन के पास अमेरिकी ग्रीन कार्ड थे. अमेरिकी सरकार ने अफशार पर “ईरानी शासन के प्रचार” को बढ़ावा देने और क्षेत्र में अमेरिकी सैनिकों और सैन्य ठिकानों पर हमलों का जश्न मनाने का आरोप लगाया है.
स्टेट डिपार्टमेंट ने कहा, “अफशार सुलेमानी ने ईरान के आतंकी शासन के लिए यह प्रचार किया, जबकि वह लॉस एंजेलिस में शानदार जीवनशैली जी रही थीं, जैसा कि उनके हाल ही में डिलीट किए गए इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी लगातार पोस्ट से पता चलता है.”
“हमीदेह सुलेमानी अफशार और उनकी बेटी के LPR दर्जे को खत्म करने के अलावा, अफशार के पति के अमेरिका में प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है.”
पिछले हफ्ते अमेरिका ने फातेमा अर्देशिर लारिजानी का कानूनी दर्जा भी खत्म कर दिया, जो ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के दिवंगत प्रमुख अली लारिजानी की बेटी हैं, साथ ही उनके पति सैयद कलंतर मोतामेदी का भी. फातेमा और सैयद दोनों के अमेरिका में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है.
लारिजानी, जो ईरान के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक थे, पिछले महीने एक एयर स्ट्राइक में मारे गए थे.
अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट ने कहा, “ट्रंप प्रशासन हमारे देश को उन विदेशी नागरिकों का घर नहीं बनने देगा जो अमेरिका विरोधी आतंकी शासन का समर्थन करते हैं.”
इस साल फरवरी के आखिरी दिन से अमेरिका और इज़राइल, ईरान के साथ खुले संघर्ष में हैं. पांच हफ्ते से चल रहे इस युद्ध ने पूरे पश्चिम एशिया को अपनी चपेट में ले लिया है, जिसमें तेहरान ने स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज़ को प्रभावी रूप से बंद कर दिया है—यह जलमार्ग दुनिया की लगभग पांचवें हिस्से की तेल आपूर्ति का रास्ता है.
ईरान ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने एक अमेरिकी फाइटर जेट और A10 वार्थोग सबसोनिक विमान को मार गिराया है. तीन में से दो पायलटों को अमेरिका ने बचा लिया है, जबकि तीसरे पायलट की तलाश वॉशिंगटन और तेहरान दोनों कर रहे हैं.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ का ‘आइलैंड आर्क’: कैसे 7 द्वीपों से ईरान रखता है हर जहाज पर नज़र
