(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 13 सितंबर (भाषा) संयुक्त राष्ट्र ने शनिवार को नेपाल की नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री सुशीला कार्की को बधाई संदेश भेजा, जिन्हें एक सप्ताह तक चले सरकार विरोधी हिंसक प्रदर्शनों के बाद अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए नियुक्त किया गया है।
नेपाल में संयुक्त राष्ट्र की ‘रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर’ हन्ना सिंगर-हैम्डी ने कहा, ‘‘इस निर्णायक क्षण में संयुक्त राष्ट्र नेपाल के लोगों की शांति, न्याय, पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रगति की आकांक्षाओं में उनके साथ खड़ा है।’’
उन्होंने राष्ट्रपति, सेना प्रमुख और ‘जेन जेड’ के युवा नेताओं के योगदान की भी सराहना की और कहा कि उनके प्रयासों ने ‘इस बदलाव को संभव बनाने में मदद की’ है। ‘जेन जेड’ वे युवा हैं जिनका जन्म 1997 से 2012 के बीच हुआ।
राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल, नेपाल के शीर्ष सैन्य अधिकारियों और युवा प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों के बीच एक बैठक के बाद कार्की को अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए चुना गया।
राष्ट्रपति पौडेल ने शुक्रवार को पूर्व मुख्य न्यायाधीश 73 वर्षीय कार्की को पद की शपथ दिलाई। इसके तीन दिन पहले ओली ने हिमालयी राष्ट्र में दशकों के सबसे भीषण उपद्रव के बाद प्रधानमंत्री पद से मंगलवार को इस्तीफा दे दिया था।
भाषा संतोष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
