scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमविदेशनेपाल में बस दुर्घटना में दो लोगों की मौत, 36 घायल

नेपाल में बस दुर्घटना में दो लोगों की मौत, 36 घायल

Text Size:

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, तीन अक्टूबर (भाषा) नेपाल के मधेश प्रांत में शुक्रवार को बस दुर्घटना में एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि 36 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना महोत्तरी जिले के बर्दीबास नगरपालिका में उस समय हुई जब यात्री बस कयारमारा से काठमांडू की ओर जा रही थी।

बस के यात्री विजयादशमी उत्सव मनाने के बाद काठमांडू लौट रहे थे।

पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में अस्सी वर्षीय एक व्यक्ति और 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि 36 अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों का बर्दीबास के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इस दुर्घटना का कारण अभी तक ज्ञात नहीं है।

इस बीच, काठमांडू जिला प्रशासन कार्यालय ने यात्रियों से तीन से छह अक्टूबर तक रात में सड़क मार्ग से काठमांडू में प्रवेश या यात्रा न करने का आग्रह किया है। जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग ने क्षेत्र में शुक्रवार से भारी वर्षा होने की जानकारी दी है।

काठमांडू के सहायक मुख्य जिला अधिकारी अशोक कुमार भंडारी ने जोखिम-प्रवण क्षेत्रों में बाढ़, भूस्खलन और मिट्टी के कटाव जैसी आपदा संबंधी घटनाओं की संभावना के बारे में चेतावनी दी है। उन्होंने लोगों से यात्रा से बचने तथा सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी एक नोटिस जारी कर कोशी, मधेशी, बागमती, गंडकी और लुम्बिनी सहित सात में से पांच प्रांतों में शुक्रवार से चार दिनों तक भारी बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी दी है।

भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments