scorecardresearch
Monday, 2 February, 2026
होमविदेशब्रिटेन में कबड्डी टूर्नामेंट में अव्यवस्था फैलाने के आरोप में भारतीय मूल के तीन लोगों को जेल

ब्रिटेन में कबड्डी टूर्नामेंट में अव्यवस्था फैलाने के आरोप में भारतीय मूल के तीन लोगों को जेल

Text Size:

(अदिति खन्ना)

लंदन, 20 दिसंबर (भाषा) दो साल पहले इंग्लैंड के ईस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र में डर्बी कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान बड़े पैमाने पर हुई मार-पीट में हथियार लहराने के दोषी भारतीय मूल के तीन लोगों को ब्रिटेन की एक अदालत ने कुल मिलाकर 11 साल से अधिक की जेल की सजा सुनाई है।

डर्बीशायर पुलिस ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि 35 वर्षीय दमनजीत सिंह, 35 वर्षीय बूटा सिंह और 42 वर्षीय राजविंदर तखर सिंह 2023 में अलवास्टन में हुए कबड्डी टूर्नामेंट में हुई हिंसक घटना में शामिल थे।

इसमें कहा गया कि इस घटना में कई लोग घायल हो गए थे। तीनों ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया, लेकिन पिछले महीने डर्बी क्राउन कोर्ट में चले मुकदमे के बाद उन्हें दोषी पाया गया।

डर्बीशायर पुलिस ने कहा, ’20 अगस्त (2023) रविवार को शाम चार बजे से ठीक पहले एल्वास्टन लेन के पास घटनास्थल पर गोलीबारी और लोगों के हथियारों से लड़ने की रिपोर्ट मिलने के बाद अधिकारियों को बुलाया गया था।’

पुलिस ने बताया, ‘घटना के वीडियो फुटेज में बूटा सिंह विरोधी समूह का पीछा करते हुए देखायी दिया था। हालांकि हिंसा के समय उसके पास कोई हथियार नहीं था, लेकिन जब पुलिस ने दो दिन बाद उसकी कार को रोका तो अधिकारियों को कार की डिक्की में दो माचेटी (तेज धार वाले चाकू) मिले।”

उसने बताया, ‘फुटेज में दमनजीत सिंह और राजविंदर तखर सिंह घटना के दौरान बड़े चाकू लिए हुए दिखायी दिए। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में उन पर आरोप लगाए गए।’

बूटा सिंह को हिंसक अव्यवस्था का दोषी पाया गया और मुकदमे की शुरुआत में आपत्तिजनक हथियार रखने की बात स्वीकार करने के बाद उसे चार साल जेल की सजा सुनाई गई।

हिंसक अव्यवस्था फैलाने और धारदार हथियार रखने के दोषी दमनजीत सिंह सुनवाई में अनुपस्थिति था और उसे तीन साल चार महीने की सजा सुनाई गई।

राजविंदर तखर सिंह को हिंसक अव्यवस्था फैलाने और आपत्तिजनक हथियार रखने के आरोप में भी दोषी ठहराया गया था। उसे तीन साल 10 महीने जेल की सजा सुनाई गई।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments