scorecardresearch
सोमवार, 2 जून, 2025
होमविदेशवर्ष 2014 के पहले और 2014 के बाद के भारत में बहुत अंतर है: मोदी

वर्ष 2014 के पहले और 2014 के बाद के भारत में बहुत अंतर है: मोदी

Text Size:

बाली, 15 नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि 2014 के पहले और 2014 के बाद के भारत में बहुत अंतर है और देश अब ‘‘अभूतपूर्व पैमाने और गति’’ से आगे बढ़ रहा है।

मोदी ने साथ ही यह भी रेखांकित किया कि भारत अब सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है और कई क्षेत्रों में प्रथम स्थान पर है।

मोदी ने यहां एक कार्यक्रम में इंडोनेशिया में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी में भारत दुनिया के लिए आशा की एक किरण है। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार सत्ता में आने के वर्ष 2014 से पहले और उसके बाद के भारत में बहुत अंतर है।

मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार 2014 में सत्ता में आई थी। सत्तारूढ़ भाजपा ने 2019 के आम चुनावों में अपनी सत्ता बरकरार रखी।

मोदी ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा, ‘‘आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज डिजिटल लेनदेन, वैश्विक वित्तीय प्रौद्योगिकी, आईटी आउटसोर्सिंग, स्मार्टफोन डेटा खपत और टीका निर्माण में नंबर एक है।

उन्होंने कहा कि यह इसलिए संभव हो पाया है क्योंकि ‘‘आज का भारत छोटा नहीं सोचता। आज भारत अभूतपूर्व पैमाने और गति से आगे बढ़ रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम अब छोटे सपने नहीं देखते। 2014 से, हमने 32 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले हैं। अमेरिका की आबादी से अधिक।’’

मोदी ने कहा कि इंडोनेशिया भाग्यशाली था कि उसे भारत से दो साल पहले स्वतंत्रता प्राप्त हुई और भारत इंडोनेशिया से बहुत कुछ सीख सकता है। हालांकि, साथ ही उन्होंने कहा कि भारत की 75 साल की लंबी विकास यात्रा में बहुत कुछ है, जो वह इंडोनेशिया को दे सकता है।

मोदी ने कहा, ‘‘भारत की प्रतिभा, प्रौद्योगिकी, नवाचार और उद्योग ने दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। दुनिया की कई बड़ी कंपनियों में आज भारतीय मूल के सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) हैं।’’

मोदी यहां इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो के निमंत्रण पर जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए हैं।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments