scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमविदेशईरान पर हमले की कार्रवाई मानवीय नैतिकता और अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन है: पुतिन

ईरान पर हमले की कार्रवाई मानवीय नैतिकता और अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन है: पुतिन

Text Size:

(विनय शुक्ला)

मॉस्को, एक मार्च (भाषा) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका और इजराइल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के बाद ईरानी राष्ट्रपति को भेजे संदेश में कहा कि यह कृत्य मानवीय नैतिकता और अंतरराष्ट्रीय कानून के सभी मानदंडों का घोर उल्लंघन है। रूस सरकार के मुख्यालय ‘क्रेमलिन’ ने रविवार को यह जानकारी दी।

ईरान पर इजराइल और अमेरिका द्वारा संयुक्त रूप से शनिवार को किये गए हवाई हमले में खामेनेई की मौत हो गई।

पुतिन ने अपने शोक संदेश में कहा, ‘‘ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों के हमले में मारे जाने के संबंध में मेरी गहरी संवेदनाएं स्वीकार करें। इस कृत्य को मानवीय नैतिकता और अंतरराष्ट्रीय कानून के सभी मानदंडों का घोर उल्लंघन करते हुए अंजाम दिया गया है।’’

पुतिन का ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान को भेजा गया शोक संदेश क्रेमलिन पोर्टल पर प्रकाशित हुआ।

इससे पहले शनिवार को, रूस ने ईरान पर अमेरिका-इजराइल के संयुक्त हमलों की निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करते हुए एक संप्रभु राष्ट्र के खिलाफ ‘‘बिना उकसावे के’’ की कार्रवाई करार दिया था।

पुतिन ने शनिवार को अमेरिकी-इजराइली हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद उत्पन्न हुई स्थिति पर चर्चा करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की एक आपात बैठक ऑनलाइन आयोजित की।

इस बीच, खबरों के अनुसार ईरान और खाड़ी देशों द्वारा उनके हवाई क्षेत्रों को बंद करने के कारण 2,00,000 से अधिक रूसी नागरिक इस क्षेत्र में फंसे हुए हैं।

भाषा

देवेंद्र धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments