scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमविदेशकुछ वर्ग उत्तर-पूर्वी पहाड़ी जिले में सांप्रदायिक हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहे:बांग्लादेश सरकार

कुछ वर्ग उत्तर-पूर्वी पहाड़ी जिले में सांप्रदायिक हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहे:बांग्लादेश सरकार

Text Size:

ढाका, 29 सितंबर (भाषा) बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने सोमवार को दावा किया कि कुछ लोग देश के उत्तर-पूर्वी पहाड़ी जिले खगराछारी में सांप्रदायिक हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहे हैं।

पिछले हफ्ते एक आदिवासी लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आने के बाद दक्षिण-पूर्वी पहाड़ियों के कुछ हिस्सों में रविवार को आदिवासियों और बंगाली समुदाय के लोगों के बीच हिंसक झड़पें हुई थीं, जिसमें कम से कम तीन लोग मारे गए थे और दर्जनों अन्य घायल हुए थे।

गृह मामलों के सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) जहांगीर आलम चौधरी ने पहाड़ी क्षेत्र में अशांति के लिए अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के साथ-साथ भारत को भी दोषी ठहराने की कोशिश की। हालांकि, वह अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं पेश कर सके।

लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) चौधरी ने कहा कि अंतरिम सरकार पहाड़ियों को अस्थिर करने की कोशिशों से निपटने के लिए अधिक से अधिक एहतियाती कदम उठा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि देश में दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान माहौल को बिगाड़ने की कोशिशें की जा रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, “निहित स्वार्थी तत्व दुर्गा पूजा उत्सव के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने के लिए अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं… खगराछारी की घटना के पीछे उन्हीं का हाथ है। हम खगराछारी में स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।”

भाषा पारुल पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments