ढाका, 12 अगस्त (भाषा) बांग्लादेश की सेना के प्रमुख जनरल वकार उज जमां ने अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस से मुलाकात के बाद सोमवार को कहा कि अभियान की कमान पुलिस के संभालने के बाद सभी सैनिक बैरक में लौट आएंगे।
यूनुस से मुलाकात के दौरान जमां ने देश में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा भी की। बांग्लादेश में पिछले सप्ताह शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने और देश छोड़कर सैन्य विमान से भारत जाने के बाद अराजकता फैल गयी थी। वहीं सेना ने सत्ता संभालने का कदम उठाया था।
सेना प्रमुख जनरल वकार उज जमां ने एक कार्यक्रम में संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पुलिस के अभियान की कमान संभालने के बाद सैनिक बैरकों में लौट आएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि देश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है।
‘यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश’ समाचार एजेंसी ने जमां के हवाले से बताया, “अगर स्थिति में सुधार जारी रहा तो सभी नियमित बल अपने आतंकवाद रोधी अभियान चलाएंगे।”
उन्होंने कहा कि देश के 20 जिलों में अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ 30 आपराधिक घटनाएं हुईं हैं।
जमां ने राजनीतिक दलों से हिंसा छोड़कर लोगों के लिए राजनीति करने का आह्वान किया।
इससे पहले उन्होंने खुलना मंडल प्रशासन, जिला प्रशासन, पुलिस महानिरीक्षक और केएमपी आयुक्त सहित सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक की।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
