(गुरदीप सिंह)
सिंगापुर, 26 अगस्त (भाषा) सिंगापुर के भारतीय मूल के विपक्ष के नेता प्रीतम सिंह ने अपने मामले की सुनवाई राज्य अदालतों के बजाय उच्च न्यायालय में कराने के लिए आवेदन किया है।
प्रीतम सिंह (48) पर एक संसदीय समिति के सामने झूठ बोलने के दो आरोप हैं। इस संसदीय समिति का गठन नवंबर 2021 में उनकी पार्टी के पूर्व सांसद रईस खान से जुड़े झूठ विवाद की जांच के लिए किया गया था।
रईस खान संसद से इस्तीफा दे चुके हैं।
टेलीविजन चैनल ‘न्यूज एशिया’ की रिपोर्ट के अनुसार, सिंह ने सोमवार को उच्च न्यायालय में मामले की सुनवाई के लिए आवेदन किया।
सिंह के वकील आंद्रे डेरियस जुमाभॉय और अरस्तू इमैनुएल इंग ने पूर्व परिवहन मंत्री एस. ईश्वरन के मामले का हवाला दिया, जिसकी सुनवाई अगले महीने उच्च न्यायालय में होगी।
सिंह के वकीलों ने ईश्वरन मामले का हवाला देते हुए अपनी दलीलों में कहा कि सिंह के मामले की सुनवाई उच्च न्यायालय में किए जाने में ‘जनहित’ भी है।
‘न्यूज एशिया’ चैनल ने जुमाभॉय के हवाले से कहा कि यह अपनी तरह का पहला अभियोजन है।
सिंह की एक वकील ने कहा, ‘‘यह मामला हमारे लोकतंत्र के मूल तत्व तक पहुंचता है।’’
उन्होंने सदन की नेता, मंत्री इंद्राणी राजा द्वारा फरवरी 2022 में सिंह के मामले को सरकारी वकील के पास भेजने के लिए दिए गए भाषण का उल्लेख किया।
सिंह ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 239 के तहत आवेदन किया था, जिसमें कहा गया है कि उच्च न्यायालय तीन कारणों से मामले की सुनवाई के स्थानांतरण का आदेश दे सकता है- किसी भी राज्य न्यायालय में निष्पक्ष एवं पक्षपात रहित सुनवाई नहीं हो सकती, कोई असामान्य कठिनाई वाला विधि प्रश्न उठने की संभावना है, या दंड प्रक्रिया संहिता या किसी अन्य कानून के तहत मामले को स्थानांतरित करना आवश्यक है।
भाषा रवि कांत मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
