तियानजिन, एक सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोमवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) से दक्षिण एशिया में विवादों के समाधान के लिए एक व्यापक और सुव्यवस्थित वार्ता शुरू करने का आग्रह किया।
पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘एपीपी’ की खबर के अनुसार, शरीफ ने शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान बहुपक्षवाद का समर्थन करता है और 10 देशों का यह समूह एक ऐसा मंच बना हुआ है, जो क्षेत्रीय सहयोग और एकीकरण के प्रति इस्लामाबाद की प्रतिबद्धता का उचित रूप से प्रतिनिधित्व करता है।
उन्होंने कहा, “पाकिस्तान हमेशा से बहुपक्षवाद, संवाद और कूटनीति की शक्ति में विश्वास तथा एकपक्षवाद से दूर रहा है।”
शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान अपने पड़ोसियों के साथ सामान्य व स्थिर संबंध चाहता है और टकराव की बजाय बातचीत को प्राथमिकता देता है।
पाकिस्तान के दैनिक समाचार पत्र ‘डॉन’ की खबर के अनुसार, प्रधानमंत्री शरीफ ने सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाया और सभी लंबित विवादों पर बातचीत का आह्वान किया।
उन्होंने शिखर सम्मेलन में कहा, “हम सभी अंतरराष्ट्रीय व द्विपक्षीय संधियों का सम्मान करते हैं और उम्मीद करते हैं कि सभी सदस्य समान सिद्धांतों का पालन करेंगे।”
भाषा जितेंद्र सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
