काठमांडू: नेपाल के कार्यवाहक मुख्य निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने सोमवार को कहा कि पांच मार्च को होने वाले आम चुनाव के नतीजे मतपत्रों की गणना के 24 घंटे के भीतर जारी कर दिए जाएंगे.
हिमालयी देश में कुल 1.89 करोड़ पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करके प्रतिनिधि सभा के 275 सदस्यों का चुनाव करेंगे.
इनमें से 165 सांसदों का चुनाव प्रत्यक्ष मतदान के माध्यम से होगा जबकि 110 सांसदों का चुनाव आनुपातिक मतदान प्रणाली के तहत होगा, जो संसद में अल्पसंख्यकों व छोटे दलों के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करती है.
भंडारी ने एक निजी समाचार एजेंसी को बताया कि आयोग मतपेटियों को एकत्रित करते ही मतगणना शुरू करने की योजना बना रहा है.
उन्होंने बताया कि आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत परिणाम घोषित करने में एक या दो दिन लग सकते हैं जबकि प्रत्यक्ष मतदान प्रणाली के परिणाम मतपत्र संग्रह के 24 घंटों के भीतर घोषित कर दिए जाएंगे.
आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत सदन के 275 सदस्यों में से 110 सदस्यों का चुनाव देश भर में राजनीतिक दलों द्वारा प्राप्त कुल मतों के आधार पर किया जाता है.
मतदाता प्रत्येक पार्टी के लिए अलग-अलग मतपत्र डालते हैं और प्रत्येक पार्टी को प्राप्त मतों के अनुपात में सीट आवंटित की जाती हैं.
पार्टियों को अपने प्रतिनिधि उम्मीदवारों की सूची में महिलाओं व दलितों, जनजातियों, मधेसियों और अल्पसंख्यकों जैसे वंचित समूहों को शामिल करना सुनिश्चित करना होगा.
इस प्रणाली का उद्देश्य नेपाल की सामाजिक और जातीय विविधता का संसद में बेहतर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है.
आयोग के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई ने बताया कि काठमांडू घाटी के बाहर के क्षेत्रों में मतपत्रों का वितरण पूरा हो चुका है.
उन्होंने कहा कि काठमांडू, भक्तपुर और ललितपुर जिलों के कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में मतपत्रों का वितरण मंगलवार रात तक पूरा हो जाएगा.
मतदान पांच मार्च को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा.
अधिकारियों ने बताया कि मतदान शुरू होने से 72 घंटे पहले नेपाल भारत सीमा सील कर दी जाएगी.
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
