scorecardresearch
Sunday, 8 March, 2026
होमविदेशपुतिन 73 वर्ष के हुए, समर्थकों ने रूस को बदलने में उनकी भूमिका की सराहना की

पुतिन 73 वर्ष के हुए, समर्थकों ने रूस को बदलने में उनकी भूमिका की सराहना की

Text Size:

(विनय शुक्ला)

मॉस्को, सात अक्टूबर (भाषा) रूस के सबसे लंबे समय तक राष्ट्रपति रहने वाले व्लादिमीर पुतिन मंगलवार को 73 वर्ष के हो गए और उनके कई समर्थक देश के कायाकल्प में उनकी भूमिका की सराहना कर रहे हैं।

क्रेमलिन के यूक्रेन मामलों के दूत व्लादिमीर मेदेंस्की ने अपने टेलीग्राम चैनल पर लिखा, ‘‘पुतिन ने रूस के और विखंडन को रोका एवं उसे उसके ऐतिहासिक पथ पर वापस लाए।’’

उन्होंने कहा कि पुतिन ने 2000 की पूर्व संध्या पर उस समय पदभार ग्रहण किया था जब देश सोवियत संघ के पतन के आघात और रूसी संघ के विखंडन के खतरे से गुज़र रहा था।

स्टेट ड्यूमा (रूसी संसद) के अध्यक्ष व्याचेस्लाव वोलोदिन, मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव और मॉस्को के महापौर सर्गेई सोबयानिन ने भी इसी तरह की भावनायें व्यक्त कीं । पुतिन को विश्व नेताओं की ओर से भी जन्मदिन की शुभकामनायें मिल रही हैं।

बेंजामिन नेतन्याहू शायद पहले विदेशी नेता हैं जिन्होंने कल रात गाजा समझौते, ईरानी परमाणु मुद्दे और सीरिया पर चर्चा के दौरान पुतिन को फ़ोन पर जन्मदिन की शुभकामनायें दीं।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने मंगलवार को पत्रकारों के लिए आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में रूस के लोगों के जीवन में पुतिन की भूमिका के महत्व के बारे में बात की।

पेसकोव ने कहा, ‘‘जैसा कि सर्वविदित है, आज उनका जन्मदिन है। और निश्चित रूप से, राष्ट्रपति प्रशासन का पूरा स्टाफ उन्हें बधाई देता है। रूसी नागरिकों के जीवन और दुनिया के भविष्य में पुतिन की भूमिका को कम करके आंकना मुश्किल है।’’

उन्होंने कहा कि पुतिन, जो आमतौर पर अपने जन्मदिन पर काम करते हैं, आज ही रूस की सुरक्षा परिषद की बैठक आयोजित करने वाले हैं।

भाषा रंजन नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments