scorecardresearch
Wednesday, 3 July, 2024
होमविदेशराष्ट्रपति मुर्मू मॉरीशस पहुंचीं, राष्ट्रीय दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर होंगी शामिल

राष्ट्रपति मुर्मू मॉरीशस पहुंचीं, राष्ट्रीय दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर होंगी शामिल

Text Size:

पोर्ट लुइस, 11 मार्च (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर मॉरीशस पहुंचीं। मुर्मू, मंगलवार को देश के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू के यहां पहुंचने पर मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ ने उनका स्वागत किया। मॉरीशस के साथ भारत के संबंधों को और मजबूत करने के लिए मुर्मू अपने दौरे के दौरान देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ भी बातचीत करेंगी।

विदेश मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर मॉरीशस पहुंचीं।”

पोस्ट में लिखा गया, ”प्रधानमंत्री कुमार जगन्नाथ ने हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति मुर्मू का पूरे राजकीय सम्मान के साथ स्वागत किया, जो दोनों देशों के बीच करीबी संबंधों को दर्शाता है।”

दो युद्धपोतों- आईएनएस तीर और सीजीएस सारथी- के साथ भारतीय नौसेना की एक टुकड़ी भी इस समारोह में हिस्सा लेगी।

विदेश मंत्रालय ने दौरे की घोषणा करते हुए बताया था कि राष्ट्रपति मुर्मू अपने मॉरीशस समकक्ष पृथ्वीराजसिंह रूपुन और प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, राष्ट्रपति मुर्मू इसके अलावा मॉरीशस नेशनल असेंबली के अध्यक्ष, वहां के उच्चतम न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश और देश के कई महत्वपूर्ण नेताओं से भी मुलाकात करेंगी।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ”मुर्मू, वर्ष 2000 के बाद से मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वालीं छठीं भारतीय राष्ट्रपति हैं। राष्ट्रपति का यह दौरा भारत और मॉरीशस के बीच दीर्घकालिक व स्थायी संबंधों को रेखांकित करता है।”

भाषा जितेंद्र माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments