scorecardresearch
Tuesday, 17 February, 2026
होमविदेशपाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस ने तीन आतंकवादियों को मार गिराया

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस ने तीन आतंकवादियों को मार गिराया

Text Size:

पेशावर, 17 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दो अलग-अलग घटनाओं में तीन आतंकवादी मारे गए और चार घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को बन्नू और करक जिलों में आतंकवादियों ने दो पुलिस थानों पर हमला किया। दोनों हमलों को पुलिस ने सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया।

बन्नू में आतंकियों ने सबसे पहले मिरयान पुलिस थाने को निशाना बनाया और फिर उसी थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाली मजांग चौकी की ओर बढ़े।

बन्नू के क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी (आरपीओ) सज्जाद खान के अनुसार, मिरयान थाने पर हुआ हमला बीस मिनट के भीतर ही विफल कर दिया गया।

इसके बाद, भारी हथियारों से लैस दर्जनों आतंकवादी मजांग चौकी की तरफ बढ़े, जहां लगभग एक घंटे तक दोनों ओर से गोलीबारी हुई।

आरपीओ ने पुष्टि की कि तीन आतंकवादी मारे गए और चार घायल हुए, हालांकि उनके साथी मृतकों और घायलों को अपने साथ ले जाने में सफल रहे। मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं।

इस बीच एक अलग घटना में आतंकवादियों ने करक जिले के गुरगुरी पुलिस थाने पर हमला किया। करक जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) ने बताया कि सुरक्षा बलों ने हमलावरों को थाने की ओर बढ़ने से पहले ही रोक दिया और उनकी गोलीबारी का मुस्तैदी से जवाब दिया।

भाषा सुमित मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments