वारसॉ, 21 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को पोलैंड की राजधानी में ‘गुड महाराजा स्क्वायर’ पर पोलिश-भारतीय स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मोदी ने बुधवार को दो दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे एक संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान नवानगर के जाम साहब दिग्विजयसिंहजी रणजीतसिंहजी जडेजा की स्मृति में बने स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया।
इस स्मारक का अनावरण अक्टूबर 2014 में वारसॉ के ओचोटा जिले के ‘गुड महाराजा स्क्वायर’ में किया गया था।
भारतीय दूतावास की वेबसाइट के अनुसार, पोलैंड में आठ प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों का नाम जाम साहब के नाम पर रखा गया है, जिन्हें पोलैंड में “गुड महाराजा” के नाम से जाना जाता है।
महाराजा ने 1942 में नाजी जर्मनी और सोवियत रूस द्वारा पोलैंड पर कब्जे के बाद युद्धग्रस्त, कब्जे वाले पोलैंड और सोवियत शिविरों से लगभग 1,000 पोलिश बच्चों को शरण प्रदान की थी।
इसमें कहा गया है कि जीवित बचे पोलिश बच्चों ने पोलिश एसोसिएशन का गठन किया है, जिसकी बैठक हर साल पोलैंड के किसी प्रमुख शहर में होती है।
भाषा प्रशांत सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
