scorecardresearch
Saturday, 21 March, 2026
होमविदेशसरकारी धन के दुरुपयोग को लेकर शहबाज व मरयम नवाज़ के खिलाफ लाहौर उच्च न्यायालय में याचिका

सरकारी धन के दुरुपयोग को लेकर शहबाज व मरयम नवाज़ के खिलाफ लाहौर उच्च न्यायालय में याचिका

Text Size:

(एम जुल्करनैन)

लाहौर, 19 अक्टूबर (भाषा) लाहौर उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर कर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पंजाब की मुख्यमंत्री मरयम नवाज़ के खिलाफ अपने प्रचार अभियान के लिए सरकारी धन का दुरुपयोग करने के आरोप में कार्रवाई की मांग की गई है।

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की नेता आलिया हमजा ने शनिवार को लाहौर उच्च न्यायालय में एक आवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें राष्ट्रीय खजाने से अरबों रुपये खर्च करके शहबाज और मरयम के व्यक्तिगत प्रचार अभियान की ओर ध्यान दिलाया गया।

याचिकाकर्ता ने कहा कि शरीफ परिवार के दोनों नेता सरकारी संसाधनों का राजनीतिक और व्यक्तिगत प्रचार के लिए दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने इसे पाकिस्तान के संविधान के अनुच्छेद 9, 14 और 25 का घोर उल्लंघन बताया, जो मौलिक मानवाधिकारों की गारंटी देते हैं।

याचिका में कहा गया है कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरें सरकार की हर परियोजना में दिखाई देती हैं, इसके अलावा शहबाज और मरयम के लिए मीडिया में बड़े पैमाने पर प्रचार अभियान चलाया जा रहा है।

याचिकाकर्ता ने अदालत से अनुरोध किया है कि वह सरकारी विभागों को पारदर्शिता कानून के तहत सभी संबंधित विवरणों का खुलासा करने, राजनीतिक प्रचार के लिए सरकारी धन के व्यक्तिगत उपयोग पर रोक लगाने और भविष्य में सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को रोकने के लिए न्यायिक दिशानिर्देश बनाने का निर्देश दें।

भाषा

नोमान दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments