scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमविदेशपाकिस्तान : एससीओ शिखर सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री शरीफ ने इमरान खान की पार्टी को चेताया

पाकिस्तान : एससीओ शिखर सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री शरीफ ने इमरान खान की पार्टी को चेताया

Text Size:

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, आठ अक्टूबर (भाषा) शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी को 2014 का धरना दोहराने की इजाजत नहीं दी जाएगी, जिसके कारण चीनी राष्ट्रपति को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी थी।

एससीओ के राष्ट्राध्यक्षों का शिखर सम्मेलन 15 और 16 अक्टूबर को इस्लामाबाद में होने वाला है।

एक वर्ष से अधिक समय से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद खान ने अपनी पार्टी से यहां डी-चौक पर एक रैली आयोजित करने का आह्वान किया था, जिसके जरिये उनकी रिहाई और न्यायपालिका की स्वतंत्रता की मांग की गई है।

राष्ट्रीय राजधानी का डी-चौक वही स्थान है जहां पीटीआई ने 2014 में 126 दिनों तक धरना दिया था, जिसके कारण चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग को अपनी पाकिस्तान यात्रा स्थगित करनी पड़ी थी।

शुक्रवार से शनिवार तक पीटीआई समर्थकों और कार्यकर्ताओं की इस्लामाबाद और लाहौर में सुरक्षाकर्मियों के साथ झड़प हुई। पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया तथा खान और उनके समर्थकों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए।

शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान एससीओ बैठक की मेजबानी कर रहा है और इसके लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चीन के प्रधानमंत्री पाकिस्तान की द्विपक्षीय यात्रा भी करेंगे।

शरीफ ने मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान घोषणा की कि यह स्वीकार्य नहीं है कि एक विशेष पार्टी ऐसे समय में पाकिस्तान के विकास में बाधा उत्पन्न कर रही है, जब देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।

भाषा शफीक माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments