scorecardresearch
Friday, 3 April, 2026
होमविदेशअफगानिस्तान की तालिबान सरकार से बातचीत कर रहा पाकिस्तान: विदेश कार्यालय

अफगानिस्तान की तालिबान सरकार से बातचीत कर रहा पाकिस्तान: विदेश कार्यालय

Text Size:

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, दो अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को अफगानिस्तान से जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए तालिबान सरकार के साथ बातचीत करने की पुष्टि की और साथ ही सरकार से आतंकवादियों के खिलाफ ‘स्पष्ट और सत्यापन योग्य कार्रवाई’ करने की मांग की।

विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने यहां साप्ताहिक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच चीन के उरुमकी शहर में बातचीत हो रही है।

अंद्राबी ने कहा कि विदेश मंत्री इसहाक डार की इस सप्ताह बीजिंग यात्रा के दौरान अफगानिस्तान के मुद्दे पर चर्चा हुई, जहां उन्होंने अपने चीन के समकक्ष वांग यी से मुलाकात की।

उन्होंने दोनों देशों के बीच कथित वार्ताओं के बारे में पूछे जाने पर कहा कि पाकिस्तान ने प्रतिनिधिमंडल को ‘अफगानिस्तान से सीमावर्ती आतंकवाद को रोकने के लिए एक स्थायी समाधान की ओर ले जाने वाली विश्वसनीय प्रक्रिया का समर्थन करने की अपनी सुसंगत स्थिति और दीर्घकालिक योजना के अनुरूप’ भेजा है।

अंद्राबी ने कहा, “हमारी भागीदारी हमारी मूल चिंताओं की पुनरावृति है। हालांकि, वास्तविक प्रक्रिया का भार अफगानिस्तान पर है, जिसे पाकिस्तान के खिलाफ अफगान धरती का उपयोग करने वाले आतंकवादी समूहों के खिलाफ ठोस और सत्यापन योग्य कार्रवाई करनी होगी।”

पाकिस्तान ने 26 फरवरी को अफगानिस्तान में कथित आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ ‘ऑपरेशन गज़ब-लिल-हक’ शुरू किया था, जिसके बाद दोनों देशों के बीच यह पहली बड़ी वार्ता है।

भाषा जितेंद्र नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments