scorecardresearch
शनिवार, 5 जुलाई, 2025
होमविदेशश्रीलंका में बंदूक हिंसा पर कार्रवाई में 300 से अधिक लोग गिरफ्तार

श्रीलंका में बंदूक हिंसा पर कार्रवाई में 300 से अधिक लोग गिरफ्तार

Text Size:

कोलंबो, पांच जुलाई (भाषा) बंदूक हिंसा पर अंकुश लगाने और आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से श्रीलंकाई अधिकारियों ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। कोलंबो के उत्तरी उपनगरीय क्षेत्र में रात भर के एक समन्वित अभियान के दौरान 300 से अधिक व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि चार जुलाई की रात चलाए गए संयुक्त अभियान में श्रीलंका पुलिस, विशेष कार्यबल, सेना और नौसेना के जवान शामिल थे।

विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के दौरान कथित तौर पर मादक पदार्थों से संबंधित तथा अन्य अपराधों में शामिल 300 से अधिक व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

इसमें यह भी कहा गया कि अभियान का लक्ष्य माफिया और मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों को खत्म करना है।

यह कार्रवाई बंदूक हिंसा से संबंधित घटनाओं में वृद्धि को लेकर बढ़ती सार्वजनिक चिंता के बीच की गई।

विपक्षी दलों ने दावा किया है कि जनवरी से अब तक बंदूक हिंसा के 60 से अधिक मामलों में 40 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। सरकार इन हत्याओं के अधिकतर मामलों के लिए मादक पदार्थों के व्यापार में शामिल आपराधिक समूहों के बीच आंतरिक विवादों को जिम्मेदार मानती है।

भाषा नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments