(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, छह अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के मौजूदा प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद आसिम मलिक देश की खुफिया एजेंसी के महानिदेशक के पद पर बने रहेंगे। सोमवार को मीडिया की एक खबर में यह जानकारी दी गई।
सुरक्षा सूत्रों ने ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार को बताया, ‘लेफ्टिनेंट जनरल आसिम मलिक वर्तमान नियुक्ति पर अपनी सेवाएं जारी रखेंगे।’
अखबार की खबर के अनुसार राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) के पद पर भी कार्यरत लेफ्टिनेंट जनरल मलिक इस साल के अंत में सेवानिवृत्त होने वाले थे।
हालांकि, उनकी सेवानिवृत्ति की सही तारीख नहीं बताई गई। यह भी स्पष्ट नहीं है कि क्या उनकी सैन्य सेवा बढ़ाई जाएगी, जो सरकार कर सकती है, या औपचारिक सेवानिवृत्ति के बाद भी वे वर्तमान पद पर बने रहेंगे।
उन्हें सितंबर 2024 में लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम की जगह आईएसआई का प्रमुख नियुक्त किया गया था। इसी साल अप्रैल में उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था।
‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के अनुसार लेफ्टिनेंट जनरल मलिक को विशेषकर अभियानगत कमान भूमिकाओं में पाकिस्तानी सेना के सबसे सक्षम अधिकारियों में से एक माना जाता है।
पदभार ग्रहण करने से पहले, उन्होंने रावलपिंडी स्थित जनरल मुख्यालय (जीएचक्यू) में एडजुटेंट जनरल के रूप में कार्य किया और तीन वर्षों तक कानूनी और अनुशासनात्मक मामलों सहित सैन्य प्रशासनिक मामलों की जिम्मेदारी संभाली। वह बलूचिस्तान में एक इन्फेंट्री डिवीजन और दक्षिण वज़ीरिस्तान में इन्फेंट्री ब्रिगेड की कमान संभाल चुके हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल मलिक लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुलाम मुहम्मद मलिक के पुत्र हैं, जिन्होंने 1990 के दशक में अपने करियर के दौरान प्रमुख पदों पर कार्य किया था।
भाषा आशीष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
