ढाका: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री मंगलवार को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री-निर्वाचित तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत सरकार की ओर से शामिल होंगे.
अधिकारियों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उसी दिन मुंबई में इमैनुएल मैक्रों के साथ पहले से तय कार्यक्रम के कारण उनके समारोह में शामिल होने की संभावना कम है.
लोकसभा अध्यक्ष और देश के शीर्ष राजनयिक को भेजने का फैसला इस बात का संकेत है कि भारत बांग्लादेश की नई सरकार के साथ करीबी संपर्क बनाए रखना चाहता है, क्योंकि दोनों देश कई महीनों की उथल-पुथल के बाद रिश्तों को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं.
रहमान और उनके नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान आकर्षित कर सकता है. बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने 13 देशों के सरकार प्रमुखों को इसमें शामिल होने का निमंत्रण दिया है.
तैयारियों से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, जिन देशों को निमंत्रण दिया गया है उनमें पाकिस्तान, चीन, सऊदी अरब, भारत, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं.
शपथ मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नसीरुद्दीन दिलाएंगे.
17 फरवरी की सुबह नव-निर्वाचित सांसद अपने पद की शपथ लेंगे. इसके बाद शाम को नया मंत्रिमंडल बनाया जाएगा और उसे शपथ दिलाई जाएगी.
मोदी ने इससे पहले रहमान को नियुक्ति पर बधाई दी थी और उनसे फोन पर बात भी की थी. इससे संकेत मिला कि नई दिल्ली ढाका की नई नेतृत्व टीम के साथ मिलकर द्विपक्षीय रिश्तों के अगले चरण पर काम करने के लिए तैयार है. शनिवार शाम को मोदी को भी निमंत्रण भेजा गया था.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: बजट 47% बढ़ाने से सहकारी संस्थाओं की हालत नहीं सुधरेगी, इसके लिए भीतर से बदलाव करना होगा
