(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 10 सितंबर (भाषा) नेपाल की राजधानी काठमांडू में स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टीआईए) ने बुधवार शाम छह बजे से उड़ान सेवाएं बहाल करने की घोषणा की है। टीआईए ने सरकार के खिलाफ जारी हिंसक प्रदर्शनों के मद्देनजर मंगलवार को सभी विमानों का परिचालन रोक दिया था।
यह घोषणा टीआईए अधिकारियों के उस बयान के कुछ घंटे बाद की गई है, जिसमें कहा गया था कि नेपाल में बड़े पैमाने पर हिंसक विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर हवाईअड्डा अगली सूचना तक बंद रहेगा। इस घोषणा से सैकड़ों विदेशी नागरिक काठमांडू में फंस गए थे।
बुधवार शाम जारी नोटिस में टीआईए प्रबंधन ने यात्रियों से कहा कि वे अपनी उड़ानों की पुनः पुष्टि के लिए संबंधित विमानन कंपनियों से संपर्क करें।
नोटिस में कहा गया है कि उड़ान सेवाएं बुधवार शाम छह बजे से फिर से शुरू होंगी। इसमें कहा गया है कि बुधवार को हवाई अड्डे की सुरक्षा समिति की बैठक के बाद विमान परिचालन बहाल करने का फैसला लिया गया।
नोटिस के मुताबिक, नौ सितंबर से निलंबित सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को परिचालन की अनुमति दे दी गई है।
समाचार पत्र ‘द हिमालयन टाइम्स’ की खबर के अनुसार, “यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अद्यतन उड़ान कार्यक्रम, टिकट की स्थिति और सामान संबंधी व्यवस्था की जानकारी के लिए संबंधित विमानन कंपनी से संपर्क करें।”
मंगलवार को प्रदर्शनकारियों के टीआईए परिसर में घुसने की कोशिश करने के बाद हवाई अड्डे पर सभी उड़ान सेवाएं आंशिक रूप से स्थगित कर दी गई थीं।
टीआईए के प्रवक्ता रिंजी शेरपा ने कहा, “हमने सुरक्षा कारणों से हवाई अड्डे को बंद कर दिया था, क्योंकि हमने परिसर के आसपास के कुछ इलाकों और रनवे के कुछ हिस्सों से धुआं उठता देखा था।”
नेपाल की सेना ने सरकार विरोधी प्रदर्शनों के कारण केपी शर्मा ओली के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद बुधवार को विरोध-प्रदर्शन की आड़ में संभावित हिंसा को रोकने के लिए देशव्यापी प्रतिबंधात्मक आदेश और कर्फ्यू लगा दिया है।
भाषा पारुल नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
