काठमांडू, 12 सितंबर (भाषा) नेपाल के अधिकारियों ने काठमांडू घाटी में जारी कर्फ्यू के कारण देश में फंसे विदेशी नागरिकों की सुविधा के लिए अस्थायी उपायों की घोषणा की है।
‘द हिमालयन टाइम्स’ ने शुक्रवार को बताया कि आव्रजन अधिकारियों के अनुसार जिन अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के वीज़ा आठ सितंबर तक वैध थे, वे अब बिना अतिरिक्त शुल्क दिए निकास परमिट प्राप्त कर सकते हैं और अपने वीज़ा को नियमित कर सकते हैं।
यह सुविधा आव्रजन कार्यालयों और प्रस्थान केंद्रों दोनों पर उपलब्ध होगी।
अधिकारियों ने उन मामलों में वीजा स्थानांतरण की व्यवस्था भी की है जहां उपद्रव के दौरान आगंतुकों के पासपोर्ट खो गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि जिन यात्रियों के पास अपने दूतावासों द्वारा जारी आपातकालीन पासपोर्ट या अन्य यात्रा दस्तावेज हैं, उनके वीजा को मौजूदा नियमों के तहत नए दस्तावेजों में स्थानांतरित कर दिया जाएगा, जिससे नेपाल से उनका सुगम प्रस्थान सुनिश्चित हो सकेगा।
काठमांडू में पूर्वाह्न 11 बजे से शाम पांच बजे तक निषेधाज्ञा लागू है। शुक्रवार शाम सात बजे से शनिवार सुबह छह बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा और पूरी रात लागू रहेगा।
भाषा गोला दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
