(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 10 सितंबर (भाषा) नेपाल की पूर्व प्रधान न्यायाधीश सुशीला कार्की, काठमांडू के महापौर बालेंद्र शाह और बिजली बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष कुलमन घीसिंग का नाम उन लोगों में शामिल है, जिन पर प्रदर्शनकारी ‘जेन जी’ समूह देश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए विचार कर रहा है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब नेपाल की सेना ने सरकार विरोधी प्रदर्शनों के कारण के पी शर्मा ओली के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद बुधवार को विरोध प्रदर्शन की आड़ में संभावित हिंसा को रोकने के लिए देशव्यापी प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिए और कर्फ्यू लगा दिया।
‘जेन जी’ समूह के करीबी सूत्रों के अनुसार, ‘‘समूह वर्तमान में अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने वाले व्यक्ति के नाम को अंतिम रूप देने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चर्चा कर रहा है। अंतरिम प्रधानमंत्री पद के लिए तीन नामों पर विचार किया जा रहा है।’’
सूत्रों ने बताया, ‘‘समूह पूर्व प्रधान न्यायाधीश सुशीला कार्की, काठमांडू के महापौर बालेंद्र शाह और नेपाल विद्युत बोर्ड के पूर्व सीईओ कुलमन घीसिंग के नामों पर विचार कर रहा है। हालांकि, अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।’’
ओली के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद पिछले 24 घंटे या उससे अधिक समय से देश में कोई सरकार नहीं है।
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
