scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमविदेशटीवी कार्यक्रम में महाराजा चार्ल्स तृतीय ने कैंसर के अपने इलाज और उससे उबरने पर बात की

टीवी कार्यक्रम में महाराजा चार्ल्स तृतीय ने कैंसर के अपने इलाज और उससे उबरने पर बात की

Text Size:

(अदिति खन्ना)

लंदन, 13 दिसंबर (भाषा) ब्रिटेन के महाराज चार्ल्स तृतीय ने कैंसर के खिलाफ अपनी लड़ाई में मिली ‘उपलब्धि’ लोगों से साझा की जिसके तहत उनके साप्ताहिक उपचार कार्यक्रम को कम किया जाएगा। उन्होंने इस ‘अच्छी खबर’ को लोगों से यह अनुरोध करने के लिए साझा किया कि वे बीमारी के शीघ्र निदान को सुनिश्चित करने के लिए जांच कराएं।

चार्ल्स (77) ने शुक्रवार शाम को कैंसर रिसर्च यूके चैरिटी और चैनल 4 टेलीविजन द्वारा चलाए जा रहे ‘स्टैंड अप टू कैंसर’ संयुक्त अभियान के तहत स्वास्थ्य संबंधी एक दुर्लभ वीडियो संदेश जारी किया।

बकिंघम पैलेस ने करीब दो साल पहले खुलासा किया था कि चार्ल्स बीमारी से ग्रस्त हैं और एक अज्ञात प्रकार के कैंसर का इलाज करवाएंगे।

उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मैं आप सभी के साथ यह खुशखबरी साझा कर पा रहा हूं कि शीघ्र निदान, प्रभावी उपचार और ‘चिकित्सों के निर्देशों’ का पालन करने के कारण, नए साल में मेरे कैंसर के इलाज का समय कम किया जा सकता है।’’

चार्ल्स ने कहा, ‘‘यह उपलब्धि मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से एक आशीर्वाद होने के साथ-साथ हाल के वर्षों में कैंसर के इलाज में हुई उल्लेखनीय प्रगति का प्रमाण भी है। मुझे उम्मीद है कि यह प्रमाण हममें से उन 50 प्रतिशत लोगों को प्रोत्साहन देगा जिन्हें जीवन में कभी न कभी इस बीमारी का पता चलेगा।’’

चार्ल्स ने कहा, ‘‘कैंसर के अपने पूरे सफर के दौरान, मैं उस ‘देखभाल समुदाय’ से बेहद प्रभावित हुआ हूं जो हर कैंसर रोगी के उपचार में शामिल होता है – विशेषज्ञ, नर्स, शोधकर्ता और स्वयंसेवक जो जीवन बचाने और बेहतर बनाने के लिए अथक प्रयास करते हैं।’’

महल के सूत्रों के अनुसार, महाराजा ने अपने इलाज के दौरान पाए गए कैंसर के प्रकार का खुलासा न करने का फैसला किया है, इसका एक कारण यह भी है कि वह नहीं चाहते कि किसी एक प्रकार का कैंसर अन्य कैंसरों की तुलना में अधिक अहम बने या ध्यान आकर्षित करे।

बकिंघम पैलेस ने टेलीविजन पर प्रसारित संबोधन के साथ जारी एक बयान में कहा, ‘‘महामहिम ने उपचार पर असाधारण रूप से अच्छी प्रतिक्रिया दी है और उनके चिकित्सकों का कहना है कि चल रहे उपाय अब एहतियाती चरण में चले जाएंगे।’’

ब्रिटिश प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने इस दुर्लभ वीडियो संदेश की प्रशंसा करते हुए इसे एक ‘‘शक्तिशाली संदेश’’ बताया जो लोगों की जान बचाने में मदद करेगा।

चार्ल्स की बीमारी का फरवरी 2024 में जब आधिकारिक तौर पर खुलासा हुआ, तब उन्होंने अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया था। हालांकि, उन्होंने बंद दरवाजों के पीछे ब्रिटेन के राष्ट्राध्यक्ष के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वाह जारी रखा, जिसमें मुलाकातों और आधिकारिक दस्तावेजों से निपटना शामिल था।

भाषा धीरज संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments