scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमविदेशजयशंकर ने तुर्किये के अपने समकक्ष के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की

जयशंकर ने तुर्किये के अपने समकक्ष के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

वियनतियाने, 27 जुलाई (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को तुर्किये के अपने समकक्ष हकन फिदान से मुलाकात की। इस दौरान, दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

जयशंकर दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) की बैठकों में शामिल होने के लिए लाओस पीपुल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक की राजधानी में हैं।

दोनों नेताओं ने आसियान की बैठकों के इतर मुलाकात की।

जयशंकर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘वियनतियाने में आसियान की बैठकों के इतर तुर्किये के विदेश मंत्री हकन फिदान के साथ मुलाकात की। हमारे द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘लाओ पीडीआर के शोधार्थियों से बातचीत करके प्रसन्नता हुई, जिनमें छह भिक्षु भी शामिल हैं, जो विभिन्न कार्यक्रमों के तहत अध्ययन के लिए भारत की यात्रा कर रहे हैं। मुझे खुशी है कि भारत-लाओस शिक्षा साझेदारी और क्षमता निर्माण की दिशा में काम हो रहा है, जो आम लोगों के जीवन को प्रभावित कर रहा है।’’

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें वियनतियाने में ‘आर्ट ऑफ लिविंग चैप्टर’ द्वारा विकसित लाओ भाषा में ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ की शुरुआत करते हुए खुशी हो रही है।

इससे पहले जयशंकर ने लाओस के प्रधानमंत्री सोनेक्सी सिपांडोन से मुलाकात की और इस दक्षिण-पूर्व एशियाई देश में भारतीय नागरिकों की तस्करी का मुद्दा उठाया।

दोनों नेताओं ने रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में विकास साझेदारी एवं सहयोग पर भी चर्चा की।

जयशंकर ने लाओस के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री सेलुमक्से कोमासिथ के साथ भी मुलाकात की।

इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने लाओस के लिए 10 त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाओं और सफल डिजिटल समाधान साझा करने में सहयोग पर समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।

मेकांग-गंगा सहयोग (एमजीसी) पर्यटन, संस्कृति, शिक्षा के साथ-साथ परिवहन और संचार में सहयोग के लिए छह देशों-भारत और पांच आसियान देशों-कंबोडिया, लाओ पीडीआर, म्यांमा, थाईलैंड और वियतनाम की एक पहल है।

दोनों नेताओं ने रामायण और बौद्ध धर्म की साझा सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाते हुए एक विशेष डाक टिकट भी जारी किया।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments