scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमविदेशहमले के मामले में अमेरिका में गिरफ्तार भारतीय मूल के व्यक्ति को कनाडा प्रत्यर्पित किया गया

हमले के मामले में अमेरिका में गिरफ्तार भारतीय मूल के व्यक्ति को कनाडा प्रत्यर्पित किया गया

Text Size:

ओंटारियो (कनाडा), पांच अक्टूबर (भाषा) हमले के एक मामले में अमेरिका के टेक्सास में गिरफ्तार किए गए भारतीय मूल के एक व्यक्ति को कनाडा प्रत्यर्पित किया गया है। स्थानीय मीडिया ने इस बारे में खबर दी।

‘सीटीवी न्यूज’ ने शुक्रवार को बताया कि 25 वर्षीय सुखप्रीत सिंह 2021 में कनाडा में एलनाज हजतमिरी नाम की महिला पर हुए हमले के सिलसिले में वांछित कई संदिग्धों में से एक है।

खबर में ‘यॉर्क रीजनल पुलिस’ के हवाले से बताया गया कि सिंह को इस साल जून में ‘यूनाइटेड स्टेट्स मार्शल्स सर्विस’ के सदस्यों ने गिरफ्तार किया था और अगस्त में उस पर आरोप लगाए गए थे।

खबर में कहा गया है कि सिंह को प्रत्यर्पित कर मंगलवार को ‘यॉर्क रीजन’ भेजा गया था। उस पर गंभीर हमले और एक दंडनीय अपराध करने की साजिश रचने के आरोप हैं।

‘सिटी न्यूज’ की खबर के अनुसार, सिंह की पहचान रिचमंड हिल के एक भूमिगत पार्किंग गैराज में हजतमिरी पर हिंसक हमला करने वाले संदिग्ध के रूप में हुई थी जिसके बाद 2023 में उसके खिलाफ ‘समूचे कनाडा में कहीं भी गिरफ्तरी का वारंट’ जारी किया गया था।

खबर में कहा गया है कि 2022 में हजतमिरी के पूर्व प्रेमी मोहम्मद लिलो सहित चार संदिग्धों पर हमले, हत्या के प्रयास और अपहरण के आरोप लगाए गए थे।

इस मामले के सिलसिले में 2023 में तीन और संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

सिंह की गिरफ्तारी के साथ हजतमिरी के मामले में आरोपी व्यक्तियों की कुल संख्या आठ हो गई है।

रिचमंड हिल हमले के कुछ ही हफ्ते बाद 12 जनवरी, 2022 को हजतमिरी का वासागा बीच से अपहरण कर लिया गया था।

यॉर्क रिजनल पुलिस एवं ओंटारियो प्रोंविशियल पुलिस अब भी हजतमिरी की तलाश कर रही हैं और उसका पता लगने में मदद करने वाले को 1,00,000 कनाडाई डॉलर के इनाम की पेशकश की गई है।

‘सीटीवी न्यूज’ के अनुसार, इस मामले के अन्य संदिग्धों में हर्षदीप बिन्नर, रियासत सिंह, हर्षप्रीत सेखों, आकाश राणा और जसप्रीत सिंह शामिल हैं।

भाषा सुरभि सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments