(अदिति खन्ना)
लंदन, 26 सितंबर (भाषा) भारतीय मूल की एक महिला और पुरुष को शुक्रवार को पश्चिमी लंदन की एक अदालत में पेश किया गया। उन पर लगभग दो वर्ष पहले तीन वर्षीय एक बच्ची की हत्या करने का आरोप है। महानगर की पुलिस ने यह जानकारी दी।
मनप्रीत जटाना (34) और जसकीरत सिंह उप्पल (36) को उक्सब्रिज मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। उन पर बच्ची की मौत की जारी जांच के तहत हत्या का आरोप लगाया गया। पुलिस ने बच्ची की पहचान पेनेलोप चंद्री के रूप में की है।
लंदन की आपातकालीन सेवाओं को 17 दिसंबर 2023 की शाम को हेस में पेनाइन वे स्थित एक आवासीय जगह पर बुलाया गया। बच्ची वहां मृत पायी गयी।
महानगर की पुलिस ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, ‘उसकी मौत की जांच जारी है और बृहस्पतिवार 25 सितंबर को इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।’
पुलिस ने बताया कि दोनों लोगों पर बच्ची की हत्या का आरोप लगाया गया है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
