(अदिति खन्ना)
लंदन, आठ अगस्त (भाषा) भारतीय समुदाय के कई सदस्य ‘आईएनएस तबर’ का स्वागत करने के लिए टेम्स नदी के तट पर एकत्र हुए और ब्रिटेन की अपनी चार दिवसीय यात्रा पर रवाना इस युद्धपोत को गुजरने देने के लिए प्रतिष्ठित टॉवर ब्रिज के गतिशील लीवर के उठाए जाने के भव्य दृश्य को देखा।
भारतीय नौसेना और रॉयल नेवी के बीच पेशेवर सहभागिता की सुनियोजित श्रृंखला के तहत आईएनएस तबर बुधवार को एचएमएस बेलफास्ट (द्वितीय विश्वयुद्ध का युद्धपोत जो अब टेम्स पर इंपीरियल वॉर म्यूजियम द्वारा संचालित है) के पास पहुंचा।
आईएनएस तबर रूस में भारतीय नौसेना के लिए बनाया गया एक स्टील्थ युद्धपोत (फ्रिगेट श्रेणी) है, जिसकी कमान कैप्टन एम.आर. हरीश के पास है और इसमें लगभग 280 कर्मी हैं।
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि आईएनएस तबर का दल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए रॉयल आर्मी के सेवानिवृत्त पेंशनभोगियों को वृद्धाश्रम में सामुदायिक सेवा भी प्रदान करेगा।
यह पोत विभिन्न प्रकार के हथियारों और सेंसरों से सुसज्जित है और भारतीय नौसेना के सबसे पुराने स्टील्थ युद्धपोतों में से एक है। यह जहाज भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े का हिस्सा है।
भाषा संतोष नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
