(योषिता सिंह)
न्यूयॉर्क/वाशिंगटन, 26 सितंबर (भाषा) अमेरिका के कैलिफोर्निया में पिछले साल ट्रक चलाते समय कई वाहनों को टक्कर मारने के आरोप में एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। इस हादसे में पांच साल की बच्ची को गंभीर चोटें आई थीं।
अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) ने पिछले महीने प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया था। अब वह आव्रजन की प्रक्रिया पूरी होने तक आईसीई की हिरासत में रहेगा।
एजेंसी ने बताया कि जून 2024 में प्रताप सिंह ने कैलिफोर्निया में एक बड़े ट्रक को चलाते समय कई वाहनों को टक्कर मार दी थी।
गृह सुरक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को एक बयान में बताया कि सिंह अक्टूबर 2022 में अमेरिका की दक्षिणी सीमा को गैरकानूनी तरीके से पार करके देश में घुसा था, और जो बाइडन प्रशासन के दौरान देश में रहने लगा।
यह दूसरा मामला है जब किसी भारतीय नागरिक को ट्रक चलाते समय जानलेवा दुर्घटना करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले, अगस्त में हरजिंदर सिंह को फ्लोरिडा के राजमार्ग पर सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
भाषा खारी शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
